अपर सचिव धीरज साहू ने श्रावस्ती पहुंचे:जीजीआईसी, एनआरसी में व्यवस्थाएं परखीं, बेहतर उपचार के निर्देश दिए

0
2

भारत सरकार के अपर सचिव (समग्र शिक्षा) और नीति आयोग के केंद्रीय प्रभारी अधिकारी धीरज साहू ने श्रावस्ती जनपद का एक दिवसीय दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न संस्थानों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अपर सचिव ने जीजीआईसी भिनगा में शिक्षकों और छात्राओं की उपस्थिति की जानकारी ली। उन्होंने प्रधानाचार्य को पंजीकृत छात्राओं की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कक्षाओं में जाकर उन्होंने छात्राओं से विषय संबंधी प्रश्न पूछे और शिक्षण की गुणवत्ता का आकलन किया। उन्होंने विद्यालय परिसर में साफ-सफाई, पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। सभी व्यवस्थाओं को मानकों के अनुरूप बनाए रखने और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। अपर सचिव ने विद्यालय में संचालित स्मार्ट क्लास का अवलोकन किया। उन्होंने छात्रों और शिक्षकों से शिक्षण में तकनीक के उपयोग पर चर्चा की। इंटरैक्टिव पैनल, डिजिटल सामग्री और छात्रों की सक्रिय भागीदारी पर संतोष व्यक्त करते हुए स्मार्ट क्लास को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रयोगशाला और पुस्तकालय का भी निरीक्षण किया। इसके बाद, अपर सचिव ने संयुक्त जिला चिकित्सालय स्थित पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) का निरीक्षण किया। उन्होंने वार्ड में भर्ती बच्चों और उनके परिजनों से बातचीत कर मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के समय सात बच्चे भर्ती पाए गए, जिन्हें विभिन्न स्तरों पर उपचार मिल रहा था। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बेड की क्षमता के अनुसार अधिक से अधिक बच्चों को भर्ती कर उनका बेहतर उपचार सुनिश्चित किया जाए। अपर सचिव ने संयुक्त जिला चिकित्सालय में स्थापित एमआरआई मशीन के संचालन का भी जायजा लिया। उन्होंने मरीजों की जांच पंजिका का अवलोकन किया और एमआरआई मशीन के नियमित संचालन के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि मरीजों से निर्धारित शुल्क के अतिरिक्त कोई अतिरिक्त राशि न ली जाए। निरीक्षण के दौरान, उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को मरीजों के साथ संवेदनशील और सेवा भाव से व्यवहार करने की हिदायत दी।
विज्ञापन 2