
श्रावस्ती के जमुनहा ब्लॉक की ग्राम पंचायत खलीफतपुर में आगा खान फाउंडेशन द्वारा एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को वित्तीय साक्षरता और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से संबंधित जानकारी प्रदान करना था। कार्यक्रम में टाटा मोटर्स की ओर से रोशन कश्यप मौजूद रहे। आगा खान फाउंडेशन से प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर शारिफ आलम खान, कन्वर्जेंस सुशील यादव, क्लस्टर कोऑर्डिनेटर दीप्ति सिंह और चंद्रजीत यादव ने ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। इस दौरान ग्रामीणों को पेंशन योजना, बीमा योजना, बैंक खाता खोलने, बचत की आदत अपनाने और विभिन्न सरकारी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ उठाने के तरीकों के बारे में जानकारी दी गई। उपस्थित लोगों को आर्थिक रूप से सशक्त बनने और इन योजनाओं से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में गांव के पुरुष, महिलाएं और बुजुर्ग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने इस पहल को उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों के आयोजन की मांग की।
































