
श्रावस्ती: जनपद श्रावस्ती में बालिकाओं की शिक्षा और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘सखी पहल – टू सिक्योर हर फ्यूचर’ परियोजना के तहत छात्रवृत्ति वितरण की शुरुआत की गई। 17 मार्च 2026 को आयोजित इस कार्यक्रम में 183 छात्राओं को 5000 रुपये की छात्रवृत्ति और ‘सखी किट’ प्रदान की गई। यह परियोजना बाल रक्षा भारत एवं केन्वयू के सहयोग से संचालित की जा रही है। इसका शुभारंभ जिला विद्यालय निरीक्षक सत्येंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में हुआ। जनपद के 19 हाईस्कूल एवं इंटर कॉलेजों के साथ-साथ कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राएं इस पहल से लाभान्वित हुई हैं। इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक सत्येंद्र कुमार सिंह ने ‘सखी छात्रवृत्ति’ और ‘सखी किट’ पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसी छात्रवृत्तियाँ छात्राओं को शिक्षा और बेहतर स्वास्थ्य के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करती हैं। यह पहल पढ़ाई से जुड़ी आर्थिक चुनौतियों को कम करने और छात्राओं को अपने सपनों को साकार करने में मदद करेगी। ‘सखी पहल’ परियोजना के अंतर्गत किशोरियों के लिए मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन, जीवन कौशल और लैंगिक संवेदनशीलता जैसे विषयों पर नियमित जागरूकता सत्र आयोजित किए जाते हैं। इस दौरान जिला समन्वयक बबिता वाजपेई (राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम) ने मासिक धर्म प्रबंधन के बारे में विस्तृत जानकारी दी। स्कूलों में वॉश (WASH) सुविधाओं को सुदृढ़ करने, पैड बैंकों की स्थापना और मासिक धर्म अपशिष्ट प्रबंधन इकाइयों के नवीनीकरण जैसी पहलें भी की जा रही हैं। कार्यक्रम में बाल रक्षा भारत से स्टेट मैनेजर डॉ. संतोष कौशल, प्रोजेक्ट असिस्टेंट चंदन कुमार, आशीष गुप्ता, बाल रक्षा भारत की टीम तथा विभिन्न स्कूल-कॉलेजों के शिक्षक और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।





























