मैंने जो काम सोचे वो श्रावस्ती में पूरे कराए:भाजपा विधायक राम फेरन पांडेय बोले- पुल-सड़क और विकास योजनाओं से बदली तस्वीर

0
3

श्रावस्ती विधानसभा सीट से भाजपा विधायक राम फेरन पांडेय ने अपने चार साल के कार्यकाल को विकास के लिहाज से अहम बताया। उन्होंने कहा कि वर्षों से लंबित पुल और सड़कों के निर्माण से क्षेत्र की तस्वीर बदली है और आवागमन आसान हुआ है। चार साल में श्रावस्ती में बुनियादी ढांचे में बड़ा बदलाव आया है और आने वाले समय में क्षेत्र को और विकसित बनाने की दिशा में काम जारी रहेगा। दैनिक भास्कर से खास बातचीत में विधायक ने सवालों के बेबाकी से जवाब दिए। पढ़िए पूरा इंटरव्यू… सवाल: पिछले 4 साल के कार्यकाल को आप 10 में से कितने नंबर देंगे? जवाब: नंबर देना मेरा काम नहीं है। लोकतंत्र में जनता ही तय करती है कि किसे कितने नंबर मिलेंगे। सवाल: आपके कार्यकाल का सबसे बड़ा काम क्या रहा? जवाब: अंग्रेजों के समय से सिसवारा घाट पर पुल की मांग चली आ रही थी, जिसे हमने 2023 में लगभग 57 करोड़ रुपये की लागत से बनवाया। पहले लोगों को भिनगा जाने के लिए 52 किलोमीटर का सफर तय करना पड़ता था, अब यह दूरी घटकर 12 किलोमीटर रह गई है। इसके अलावा मुख्यमंत्री के सहयोग से 57 करोड़, 74 करोड़ और 770 करोड़ रुपये की लागत से तीन बड़े पुलों की सौगात मिली है। 75 सड़कों का निर्माण कराया गया है, जिनमें 2 किलोमीटर से अधिक लंबाई की सड़कें शामिल हैं। सवाल: क्षेत्र के विकास को आप कैसे देखते हैं? जवाब: श्रावस्ती पहले अति पिछड़ा जनपद माना जाता था, लेकिन अब यह विकसित श्रावस्ती की ओर बढ़ रहा है। सीताद्वार का विकास हुआ है। किसान और व्यापारी अब बेहतर सुविधाओं के साथ आगे बढ़ रहे हैं। स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में भी काम हुआ है—29 इंग्लिश मीडियम बेसिक स्कूल खोले गए हैं। सवाल: आने वाले समय में क्या योजनाएं हैं? जवाब: बहराइच के ककदरी मार्ग का 120 करोड़ रुपये की लागत से निर्माण होने जा रहा है। इसके अलावा सीताद्वार को कॉरिडोर के रूप में विकसित करना मेरा सपना है। मैंने जो सोचा था, उसमें से अधिकांश कार्य पूरे हो चुके हैं। अब और बड़े स्तर पर विकास की योजनाएं आगे बढ़ेंगी। सवाल: क्या इस बार भी आप टिकट के दावेदार हैं? जवाब: मैं दावेदार हूं और अपने काम के आधार पर हूं। मुझे विश्वास है कि पार्टी मुझे टिकट देगी और जनता भी मुझे फिर से आशीर्वाद देकर विधानसभा भेजेगी।
विज्ञापन 2