
श्रावस्ती जिले के भिनगा कोतवाली क्षेत्र में एक सर्राफा व्यापारी पर जानलेवा हमला कर सोने के जेवर लूट लिए गए। यह घटना सिसवा गांव के पास हुई, जब व्यापारी बीती रात अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। अंकित सोनी (24) की बनघुसरा मोड़ पर ज्वेलरी की दुकान है, बीती रात दुकान बंद कर वह अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। दुकान से उनके घर की दूरी करीब 12 किलोमीटर है। सिसवा मोड़ से आगे बढ़ते ही, अंकित सोनी के अनुसार पहले से घात लगाए बैठे नकाबपोश बाइक सवारों ने पीछे से लोहे की रॉड से उन पर हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से अंकित अपनी बाइक से नियंत्रण खो बैठे और सड़क किनारे एक गड्ढे में गिर गए। हमलावरों ने उन पर दो-तीन हमले और किया फिर उनके पास मौजूद सोने के जेवरात लूटे और मौके से फरार हो गए। अंकित की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज किया गया। पीड़ित अंकित सोनी ने बताया कि बनघुसरा मोड़ से लौटते समय सिसवा मोड़ के आगे बाइक सवारों ने उन पर लोहे की रॉड से कई वार किए। उन्होंने बताया कि हमलावर मास्क पहने हुए थे और सुपर स्प्लेंडर बाइक पर सवार थे, जिससे उनकी पहचान नहीं हो सकी। अंकित सोनी भिनगा के निवासी हैं और कई सालों से सर्राफा व्यवसाय से जुड़े हैं। वह तीन भाइयों में सबसे छोटे है और उनके दोनों बड़े भाई भी अलग-अलग स्थानों पर ज्वेलरी का व्यवसाय करते हैं। घर मे अंकित के माता-पिता है बताया जा रहा कि अंकित की भी शादी नहीं हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। इस वारदात से स्थानीय व्यापारियों में रोष है, जिन्होंने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।






























