
श्रावस्ती के इकौना विकासखंड स्थित प्राचीन सीताद्वार मंदिर में मां गंगा आरती का पूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस अवसर पर जिलाधिकारी अश्विनी कुमार पांडे, पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी, इकौना सीओ पासवान, एसडीएम पीयूष जायसवाल, भाजपा विधायक पंडित राम फेरन पांडे और उनके प्रतिनिधि आशुतोष पांडे सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। यह कार्यक्रम सीताद्वार महंत पंडित संतोष दास तिवारी के सौजन्य से मंदिर परिसर की झील पर आयोजित किया गया। गंगा आरती के बाद श्रद्धालुओं ने मां सीता के दर्शन किए और प्रसाद वितरण किया गया। गुरुकुल गिलौला के बच्चों ने भी मंत्रोच्चारण में सहभागिता की। समस्त कार्यक्रम पंडित संतोष दास तिवारी के मार्गदर्शन में विधि-विधान से संपन्न हुए। महंत पंडित संतोष दास तिवारी ने उपस्थित लोगों को आशीर्वाद प्रदान किया। श्रावस्ती विधायक पंडित राम फेरन पांडे ने महंत से इस कार्यक्रम को प्रतिदिन आयोजित करने का आग्रह किया। इस दौरान उच्च प्राथमिक विद्यालय सीताद्वार के बच्चों का प्रदर्शन भी सराहनीय रहा। कार्यक्रम के समापन पर पंडित संतोष दास तिवारी ने सभी अधिकारी-कर्मचारियों को जगत जननी माता सीता का आशीर्वाद दिया।






























