कोलंबो: टी20 वर्ल्ड कप के सबसे बड़े महामुकाबले में टीम इंडिया ने एक बार फिर अपना दबदबा साबित कर दिया है। भारतीय गेंदबाजों की आग उगलती गेंदों के आगे पाकिस्तानी बैटिंग लाइन-अप की धज्जियां उड़ गईं और भारत ने 61 रनों की विशाल जीत दर्ज करते हुए सुपर-8 में शान से एंट्री मार ली है। 176 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पूरी पाकिस्तानी टीम महज 18 ओवर में 114 रनों पर ढेर हो गई।
पाकिस्तानी दिग्गजों ने टेके घुटने
पाकिस्तानी पारी की शुरुआत किसी बुरे सपने से कम नहीं रही। जसप्रीत बुमराह (2/17) और हार्दिक पंड्या (2/16) ने नई गेंद से ऐसा कहर बरपाया कि पाकिस्तानी टॉप ऑर्डर पूरी तरह से ध्वस्त हो गया। साहिबजादा फरहान (0) अपना खाता भी नहीं खोल सके, जबकि सईम अयूब (6), कप्तान सलमान अली आगा (4) और स्टार बल्लेबाज बाबर आजम (5) भारतीय पेस अटैक के आगे पूरी तरह बेबस नजर आए।
तेज गेंदबाजों के झटकों से पाकिस्तान अभी उबर भी नहीं पाया था कि अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती की फिरकी ने रही-सही कसर पूरी कर दी। दोनों स्पिनरों ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 2-2 विकेट चटकाए और पाकिस्तानी पारी को समेटने में अहम भूमिका निभाई।
ईशान किशन का तूफान
इससे पहले, बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर भारतीय टीम को ईशान किशन ने एक मजबूत आधार दिया। किशन ने आक्रामक रुख अपनाते हुए महज 40 गेंदों में 77 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसकी बदौलत टीम इंडिया 175/7 का एक चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा करने में सफल रही।

टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में पाकिस्तान के खिलाफ 8-1 का यह शानदार रिकॉर्ड भारतीय क्रिकेट फैंस के लिए किसी बड़े जश्न से कम नहीं है।
रिपोर्ट: Mnt News डेस्क
अधिक खबरों के लिए लॉग इन करें: www.mntnewsbharat.com


















