बलरामपुर में गेहूं खरीद प्रक्रिया को सुचारू और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने मंडी समिति स्थित गेहूं क्रय केंद्र का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ग्राम रोवारी के किसान जगदीश प्रसाद को केंद्र पर पहुंचने पर फूल-माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि किसान देश के अन्नदाता हैं और उनका सम्मान व सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि क्रय केंद्रों पर आने वाले किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने खरीद प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी ढंग से संचालित करने पर जोर दिया।जनपद में गेहूं खरीद के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस वर्ष गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य ₹2585 प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। खरीद प्रक्रिया 30 मार्च 2026 से 15 जून 2026 तक चलेगी। जनपद में कुल 48 क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं। इनमें खाद्य विभाग के 14, पीसीएफ के 18, यूपीएसएस के 15 तथा भारतीय खाद्य निगम का 1 केंद्र शामिल है। किसानों के लिए खाद्य विभाग के पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य किया गया है। भुगतान व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए निर्देश दिए गए हैं कि किसानों को गेहूं बिक्री का भुगतान 48 घंटे के भीतर सीधे उनके आधार लिंक बैंक खाते में पीएफएमएस के माध्यम से किया जाए। सभी केंद्रों पर इलेक्ट्रॉनिक कांटे, नमी मापक यंत्र और विनोइंग फैन जैसी आवश्यक मशीनें उपलब्ध कराई गई हैं। साथ ही किसानों के बैठने, पेयजल और छाया जैसी मूलभूत सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं। किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु जनपद स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। किसान 05263-235718 तथा टोल-फ्री नंबर 18001800150 पर संपर्क कर सकते हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी केंद्र प्रभारियों को पूरी जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
बलरामपुर डीएम ने माला पहनाकर गेहूं खरीद शुरू कराई:केंद्रों का निरीक्षण कर पारदर्शिता के दिए निर्देश
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!










