उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं की कॉपियों का मूल्यांकन कार्य पूरा हो चुका है। अब लाखों छात्र-छात्राएं अपने परीक्षा परिणाम का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इसी बीच रिजल्ट से पहले साइबर ठगों की गतिविधियां तेज हो गई हैं।
नंबर बढ़वाने के नाम पर ठगी का जाल
बरेली क्षेत्रीय कार्यालय से जारी सूचना के अनुसार, कुछ साइबर अपराधी परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों को फोन कर रहे हैं। ये ठग खुद को बोर्ड का कर्मचारी बताकर छात्रों के अंकों की जानकारी देने का दावा करते हैं और फिर नंबर बढ़वाने का लालच देकर पैसे मांगते हैं।
Also Read: अमीर बनने के लालच में हर रोज पांच लाख गंवा रहे गोरखपुरिए
विभाग ने जारी की सख्त चेतावनी
क्षेत्रीय सचिव मुन्ने अली ने स्पष्ट किया है कि परिषद की ओर से किसी भी छात्र से व्यक्तिगत रूप से संपर्क नहीं किया जाता है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि ऐसे किसी भी कॉल या संदेश पर भरोसा न करें और ठगों के झांसे में बिल्कुल न आएं।
पुलिस और विभाग की संयुक्त कार्रवाई
इस तरह की धोखाधड़ी को गंभीरता से लेते हुए पुलिस के सहयोग से अपराधियों की पहचान की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि पकड़े जाने पर दोषियों के खिलाफ आईटी एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की कड़ी धाराओं के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
साइबर हेल्पलाइन पर करें शिकायत
अभिभावकों और छात्रों को सलाह दी गई है कि वे अपनी निजी जानकारी, जैसे रोल नंबर या बैंक डिटेल, किसी भी अनजान व्यक्ति से साझा न करें। यदि इस तरह का कोई कॉल या संदेश प्राप्त होता है, तो उसे रिकॉर्ड करें और तुरंत संबंधित अधिकारियों को सूचित करें या साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)












