भारत सरकार ने एक बड़ा फैसला किया है। इस फैसले के तहत तीनों सेनाओं के उन जवानों के लिए रेल यात्रा आजीवन फ्री रहेगी जिन्हें कभी सेना मेडल वीरता पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है। रक्षा मंत्रालय के अधिकारियों के मुताबिक, इस योजना का फायदा सेना मेडल से सम्मानित जवानों के साथ-साथ उनके साथ चल रहे एक और शख्स को मिलेगा। जवानों के अलावा उनकी पत्नी, उनकी विधवा पत्नी या बिना शादी के ही शहीद हो गए जवान के माता-पिता को भी इस योजना का फायदा दिया जाएगा।
रक्षा मंत्रालय के अधिकारियों के मुताबिक, केंद्र सरकार ने इसके लिए एक आदेश जारी किया है ताकि सेना मेडल से सम्मानित हो चुके जवानों को रेलवे में छूट दी जाए। यह छूट फर्स्ट AC, सेकेंड AC और AC चेयर कार में लागू होगी। यानी सेना मेडल से सम्मानित हो चुके जवान या उनके परिवार के लोग भारतीय रेलवे की ट्रेन में अपने एक सहयोगी के साथ मुफ्त में यात्रा कर सकेंगे।
किसको-किसको मिलेगा फायदा?
यह स्पष्ट किया गया है कि अवॉर्ड प्राप्त करने वाले शख्स के अलावा उनकी पत्नी या विधवा को भी मुफ्त यात्रा का फायदा मिलेगा। हालांकि, अगर सैनिक की विधवा दूसरी शादी कर लेती हैं तब उन्हें यह फायदा नहीं मिलेगा। इसके अलावा, अगर कोई जवान बिना शादी किए ही शहीद हो जाता है तो उस स्थिति में मुफ्त यात्रा का फायदा उसके माता-पिता को दिया जाएगा।
इस खबर को अपडेट किया जा रहा है।









