कोलकाता। दक्षिण बंगाल में एक बार फिर आंधी-तूफान और बारिश का दौर तेज होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए कालबैसाखी को लेकर चेतावनी जारी की है। शनिवार शाम से कई जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश और झोंकेदार हवा देखने को मिली है और रविवार को इसका प्रभाव और बढ़ने की आशंका है।
मौसम विभाग के अनुसार, पूर्व और पश्चिम बर्धमान, बीरभूम, मुर्शिदाबाद और नदिया जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। रविवार को स्थिति और बिगड़ सकती है। बांकुड़ा, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर तथा झाड़ग्राम जिलों में कालबैसाखी के और तेज होने की संभावना है, जहां हवा की गति 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
कोलकाता सहित दक्षिण बंगाल के कई जिलों में दिनभर उमस भरे मौसम के बाद शाम या रात में गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान जताया गया है। इस बारे में मौसम वैज्ञानिक अन्वेषा भट्टाचार्य ने जानकारी देते हुए कहा कि बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवाओं और स्थानीय तापमान के कारण वातावरण अस्थिर बना हुआ है, जिससे अगले कुछ दिनों तक आंधी-तूफान का सिलसिला जारी रह सकता है।
इस बीच सोमवार को होने वाली विधानसभा उपचुनाव की मतगणना के दिन मौसम को लेकर विशेष चिंता जताई जा रही है। कोलकाता, उत्तर और दक्षिण 24 परगना, हावड़ा, हुगली, बर्धमान, बांकुड़ा और पश्चिम मेदिनीपुर में तेज कालबैसाखी की चेतावनी दी गई है। कई जगहों पर हवा की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे मतगणना केंद्रों के बाहर सुरक्षा और आवागमन प्रभावित होने की आशंका है।
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को भी राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश और आंधी की संभावना बनी रह सकती है, हालांकि इसकी तीव्रता अपेक्षाकृत कम रहने का अनुमान है। बुधवार से मौसम में धीरे-धीरे सुधार के संकेत मिल रहे हैं।
उधर उत्तर बंगाल में भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कूचबिहार के कुछ इलाकों में 70 से 110 मिलीमीटर तक वर्षा हो सकती है। वहीं मालदा में सोमवार और मंगलवार को आंधी-तूफान का असर अधिक रहने की संभावना जताई गई है।












