Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)बहराइच में संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू:सीएमओ ने जागरूकता रैली को हरी...

बहराइच में संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू:सीएमओ ने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना


बहराइच में संचारी रोगों की रोकथाम और जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय कुमार ने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सीएमओ कार्यालय से निकली रैली में एसीएमओ डॉ. अभाष अंकुर, एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ. निर्मेश, डीसीपीएम मो. राशिद सहित पीएफआई, डब्ल्यूएचओ और पाथ के प्रतिनिधि मौजूद रहे। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी, जिसमें स्वास्थ्य कर्मियों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।

रैली के माध्यम से लोगों को मच्छर जनित रोग, जलजनित बीमारियों और दिमागी बुखार (इंसेफेलाइटिस) से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। इस दौरान सीएमओ डॉ. संजय कुमार ने कहा कि जनभागीदारी और विभागीय समन्वय से ही संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। उन्होंने बताया कि इस अभियान में नगर विकास, पंचायतीराज, बाल विकास, आयुष, कृषि, शिक्षा, पशुपालन और सूचना समेत कुल 14 विभाग मिलकर कार्य करेंगे। आमजन से अपील की गई कि वे अपने आसपास पानी जमा न होने दें, कूलर व अन्य स्थानों की नियमित सफाई करें और लक्षण दिखने पर तुरंत जांच कराएं। सीएमओ ने जानकारी दी कि जनपद में 1 से 30 अप्रैल तक संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा 10 से 30 अप्रैल तक दस्तक अभियान चलाया जाएगा। दस्तक अभियान के दौरान फ्रंटलाइन वर्कर्स घर-घर जाकर बुखार, आईएलआई, टीबी और कुपोषण के मरीजों की पहचान करेंगी और उनका विवरण ‘ई-कवच पोर्टल’ पर अपलोड किया जाएगा। डीएचईआईओ बृजेश सिंह ने बताया कि अभियान के तहत मच्छरों के प्रजनन स्थलों को चिन्हित कर उनके निस्तारण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। हाई रिस्क क्षेत्रों में फॉगिंग और एंटी-लार्वा छिड़काव की कार्रवाई भी तेज की जाएगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments