*पत्रकारों संग संवाद में कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा और पारदर्शिता पर जोर*
महराजगंज:जनपद में पुलिस को और अधिक मजबूत व प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने आज गुरुवार को पुलिस लाइन परिसर से डायल 112 की चार नई गाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि आपातकालीन सेवाओं की त्वरित उपलब्धता पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और नई गाड़ियों से घटनास्थल पर शीघ्र पहुंच सुनिश्चित होगी, जिससे आमजन को बेहतर और समयबद्ध सहायता मिल सकेगी।

एसपी ने निर्देश दिए कि डायल 112 पर प्राप्त हर सूचना पर संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्रवाई की जाए, ताकि जनता का भरोसा और मजबूत हो।
इसके बाद पुलिस लाइन सभागार में एसपी ने जिले के पत्रकारों के साथ परिचयात्मक एवं संवादात्मक गोष्ठी की। बैठक में कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने, अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा, प्रभावी जनसुनवाई और सामुदायिक पुलिसिंग जैसे अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
एसपी अवस्थी ने मीडिया को लोकतंत्र का मजबूत स्तंभ बताते हुए कहा कि पुलिस और मीडिया के बीच सकारात्मक समन्वय और तथ्यात्मक सूचना के आदान-प्रदान से अफवाहों पर नियंत्रण के साथ-साथ जनता में सुरक्षा और विश्वास की भावना मजबूत होती है। उन्होंने पत्रकारों से जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देने और रचनात्मक सहयोग की अपील की।
अंत में एसपी ने भरोसा दिलाया कि महराजगंज पुलिस आमजन की सुरक्षा, सेवा और विश्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूरी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ कार्य करती रहेगी।











