HomeHealth & Fitnessडीएम ने ग्राम जटा पहुंचकर गंगा के जलस्तर का लिया जायजा

डीएम ने ग्राम जटा पहुंचकर गंगा के जलस्तर का लिया जायजा

 

बदायूं। जिलाधिकारी अवनीश राय ने तहसील दातागंज के ग्राम जटा का स्थलीय निरीक्षण कर गंगा नदी के जलस्तर का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों से वर्तमान स्थिति की जानकारी प्राप्त करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। अधिकारियों ने डीएम को अवगत कराया कि गंगा नदी का जलस्तर लगातार कम हो रहा है, जिससे क्षेत्र में स्थिति सामान्य है। डीएम ने सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहकर निरंतर निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने ग्रामवासियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा उन्हें सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले फसल नुकसान की भरपाई के लिए अधिक से अधिक किसान बीमा कराएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सम्बंधित अधिकारी अपने स्तर से भी किसानों को योजना के संबंध में जागरूक करें।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत राशन वितरण की स्थिति की जानकारी ली तथा निर्देश दिए कि तटीय क्षेत्रों में खाद्यान्न सहित अन्य आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता बनी रहे और किसी भी पात्र व्यक्ति को असुविधा न हो। अधिकारियों ने अवगत कराया कि ग्राम जटा को जाने वाला मार्ग अभी पूर्ण रूप से आवागमन के लिए नहीं खुल सका है। वहीं अटैना से ग्राम जटा जाने वाले मार्ग पर स्थित शेखूपुर पुलिया की स्थिति सामान्य हो रही है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को मार्ग की सतत निगरानी रखने तथा आवागमन पूरी तरह सुरक्षित होने के बाद ही यातायात प्रारंभ कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बाढ़ खंड एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि गंगा नदी के जलस्तर पर लगातार निगरानी रखी जाए तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इससे पहले पीएसी डीआईजी कीरत राठौर सहित अन्य अधिकारियों ने डीएम व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, अन्य सम्बंधित अधिकारियों के साथ महिला पीएसी बटालियन में बनाए जा रहे आवासीय व अनावासीय परिसरों के निर्माण की स्थिति को जाना। इसके अलावा डीएम व एसएसपी ने सैजनी स्थित एचपीसीएल के पराली प्रबंधन प्लांट का भी निरीक्षण किया। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी दातागंज विनोद कुमार, अधिशासी अभियंता बाढ़ खंड उमेश चन्द्र, बाढ़ खंड के सहायक अभियंता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments