जनपद में भूमि विवादों के त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण हेतु *जिलाधिकारी श्री अश्विनी कुमार पाण्डेय* एवं *पुलिस अधीक्षक श्री राहुल भाटी* के संयुक्त नेतृत्व में ‘श्रावस्ती मॉडल’ को प्रभावी रूप से लागू किया जा रहा है। यह अभियान दिनांक 07 अप्रैल 2026 से प्रारंभ किया गया है, जिसके अंतर्गत राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीमों द्वारा तहसील स्तर पर प्राप्त भूमि विवादों का मौके पर जाकर निस्तारण कराया जा रहा है।
इसी क्रम में आज दिनांक 10 अप्रैल 2026 को *उपजिलाधिकारी इकौना श्री पीयूष जायसवाल* एवं *क्षेत्राधिकारी इकौना श्री आलोक कुमार सिंह* के नेतृत्व में तहसील इकौना क्षेत्र के *थाना नवीन मॉडर्न* अंतर्गत मौजा भिट्टी के खरगौरा बस्ती में सरकारी भूमि की पैमाइश संबंधी वाद का निस्तारण किया गया। साथ ही कटरा एवं अमोरभरिया में सीमा विवाद तथा वीरपुर खैरहनिया व शिवपुर बनकट में चकमार्ग पैमाइश से संबंधित प्रकरणों का मौके पर निराकरण कराया गया।
जनपद के प्रत्येक थाने पर राजस्व एवं पुलिस विभाग की दो-दो संयुक्त टीमें गठित की गई हैं। राजस्व टीम में प्रभारी के रूप में तहसीलदार/नायब तहसीलदार/राजस्व निरीक्षक के साथ चार लेखपाल तथा पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक/वरिष्ठ उपनिरीक्षक/चौकी इंचार्ज के साथ चार कांस्टेबल नियुक्त किए गए हैं।
निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार प्रत्येक टीम द्वारा सप्ताह के *मंगलवार एवं शुक्रवार* को चिन्हित ग्रामों में पहुंचकर पक्षकारों की उपस्थिति में आपसी सहमति के आधार पर विवादों का निस्तारण कराया जाएगा। इसके लिए संबंधित पक्षकारों को पूर्व में ही सूचना प्रदान की जा रही है, जिससे वे मौके पर उपस्थित रहकर समस्या का त्वरित समाधान प्राप्त कर सकें।
उक्त पहल के माध्यम से जनपद में भूमि विवादों में कमी लाने एवं शांति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने की दिशा में प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है।











