श्रावस्ती पुलिस ने बिजली के तार चोरी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस मामले में गिलौला थाना पुलिस ने छह अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से चोरी के तार, उपकरण, मोबाइल फोन, एक पिकअप वाहन और ₹450 नकद बरामद किए गए हैं। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। अपर पुलिस अधीक्षक मुकेश चंद्र उत्तम और क्षेत्राधिकारी इकौना भरत पासवान के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष आशीष कुमार के नेतृत्व में गिलौला पुलिस टीम ने यह सफलता हासिल की। इस मामले में 27 मार्च को अवर अभियंता अनय कुमार साहनी ने सीताद्वार विद्युत उपकेंद्र से बिजली के तार चोरी होने की सूचना दी थी, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया था। मुखबिर की सूचना पर 28 मार्च 2026 को गिलौला पुलिस टीम ने परेवपुर क्षेत्र में छापेमारी की। पुलिस ने आरोपितों के संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई और NH730 के किनारे एक खेत में पहुंची। वहां से बिजली के तार चोरी करते हुए पांच अभियुक्तों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। एक अन्य अभियुक्त को बाद में पिकअप वाहन के साथ पकड़ा गया। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से तीन बंडल एल्युमिनियम बिजली का तार, एक तार कटर, एक रस्सी, पांच एंड्रॉइड मोबाइल, एक की-पैड मोबाइल और ₹450 नकद बरामद हुए। चोरी में प्रयुक्त पिकअप वाहन को धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया गया है। मुकदमे में धारा 317(2) और 3(5) बीएनएस की बढ़ोतरी भी की गई है। पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे विभिन्न स्थानों से बिजली के तार चोरी कर नेपाल सीमा के पास बेचते थे।
श्रावस्ती में बिजली तार चोरी गिरोह का पर्दाफाश:6 गिरफ्तार, तार, उपकरण, मोबाइल, पिकअप वाहन और नकदी बरामद
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!










