सिसवा नगरपालिका के राजाजीपुरम वार्ड बेलवा स्थित किसान आदर्श कन्या महाविद्यालय में रविवार को विदाई एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसमें बीए अंतिम वर्ष की छात्राओं को विदाई दी गई। कार्यक्रम के दौरान रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। साथ ही, मेधावी छात्राओं को शील्ड और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्य महिला आयोग की पूर्व सदस्य अर्चना चंद्रा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि आगमन और विदाई प्रकृति का नियम है। उन्होंने विद्यार्थियों को परीक्षाओं की तैयारी पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ करने की सलाह दी, क्योंकि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। महाविद्यालय के प्रबंधक नागेंद्र मल्ल ने कहा कि देश व समाज को विकास के पथ पर आगे ले जाने की जिम्मेदारी विद्यार्थियों के कंधों पर होती है। उन्होंने रचनात्मक व सृजनात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने पर जोर दिया। प्राचार्य अजय कुमार सिंह ने आगंतुकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विदाई समारोह खुशी और उदासी की मिश्रित भावनाओं का संगम होता है, जिसे प्रत्येक विद्यार्थी को जीवन में आत्मसात करना चाहिए। इस अवसर पर अवधेश चौबे, मदन किशोर, अमरेंद्र मल्ल, प्रमोद जायसवाल, जितेंद्र वर्मा, अभिमंत्रित सिंह, ओ. ए. जोसफ, विवेक चौरसिया, बच्चन लाल गोंड, कन्हैया प्रसाद, चंदशेखर सिंह, भोरिक यादव, शशिकला सिंह, कुसुम सिंह, पूनम मल्य और सोमा मुखर्जी सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
सिसवा में बीए अंतिम वर्ष की छात्राओं को विदाई:सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ मेधावियों को किया गया सम्मानित
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!










