महराजगंज में फ्रैक्चर हॉस्पिटल के संचालक डॉ. प्रभात कुमार श्रीवास्तव ने NEET PG में दाखिला दिलाने के नाम पर 55 लाख रुपए की ठगी का आरोप लगाया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सदर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक निर्भय कुमार सिंह ने बताया कि डॉ. श्रीवास्तव की शिकायत पर विक्की त्रिपाठी और विनोद धीमन, प्रबंधक सन साइन एशिया, विभूति खंड, गोमतीनगर, लखनऊ के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है। नेपाल मेडिकल कॉलेज में एडमिशन का दिया झांसा डॉ. श्रीवास्तव ने पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उन्होंने NEET PG प्रवेश परीक्षा दी थी। इसी दौरान उनकी मुलाकात दोनों आरोपियों से हुई। आरोप है कि दोनों ने उन्हें महराजगंज मेडिकल कॉलेज, काठमांडू (नेपाल) में दाखिला दिलाने का झांसा दिया। किस्तों में खाते में जमा कराए रुपए शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने दाखिले के नाम पर कुल 55 लाख रुपए मांगे। पीड़ित का कहना है कि यह रकम अलग-अलग तारीखों में किस्तों के रूप में दी गई। इसमें 4 जनवरी 2024 को 3 लाख, 5 जनवरी को 2.5 लाख, 6 फरवरी को 2 लाख, 8 जनवरी को 1.9 लाख, 17 जनवरी को 20 लाख, 16 अप्रैल को 10 लाख और 19 अप्रैल 2024 को 3 लाख रुपए शामिल हैं। डॉ. श्रीवास्तव के मुताबिक, यह रकम सन साइन एशिया के एक्सिस बैंक खाते में जमा कराई गई थी। इसके अलावा 29 दिसंबर 2023 को 12.60 लाख रुपए नकद भी दिए गए थे। एडमिशन नहीं हुआ, पैसे मांगे तो धमकी का आरोप पीड़ित का आरोप है कि पूरी रकम देने के बाद भी उनका दाखिला नहीं कराया गया। जब उन्होंने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने अभद्रता की और रकम लौटाने से इनकार कर दिया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपियों ने व्हाट्सएप कॉल के जरिए संपर्क कर शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। सदर कोतवाल निर्भय कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।












