श्रावस्ती जिले के जमुनहा ब्लॉक क्षेत्र में बुधवार देर शाम अचानक मौसम ने करवट ली। तेज धूल भरी आंधी और बारिश से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, जिससे गांवों और बाजारों में अंधेरा छा गया। मौसम के अचानक बदले मिजाज का असर जनजीवन पर स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। आंधी और बारिश के बीच लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए। बाजारों में चहल-पहल थम गई और सन्नाटा पसर गया। दुकानदारों ने एहतियातन अपनी दुकानें बंद कर दीं, जबकि सड़कों पर मौजूद लोग बारिश से बचने के लिए इधर-उधर भागते दिखे। इस प्राकृतिक बदलाव का सबसे अधिक असर किसानों पर पड़ने की आशंका है। इस समय आम के पेड़ों में फल लगने की शुरुआत हुई थी, लेकिन तेज हवा और बारिश के कारण बड़ी संख्या में कच्चे आम टूटकर गिर गए हैं। इससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। स्थानीय किसान रामसहाय वर्मा, शिवलाल यादव और बबलू निषाद ने बताया कि तेज आंधी के कारण पेड़ों से आम टूटकर गिरने लगे हैं, जिससे उनकी फसल को काफी नुकसान हुआ है।
जमुनहा में तेज आंधी-बारिश:जनजीवन प्रभावित, किसानों को भारी नुकसान
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












