

देशभर में बारिश और तूफान ने लोगों की समस्याएं बढ़ा दी हैं। पिछले दो दिनों में बारिश से हल्की राहत जरूर मिली है लेकिन मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान अब चिंता बढ़ा रहे हैं। मौसम विभाग ने एक बार फिर बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई है। उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश का दौर जारी है। बारिश और बर्फबारी की वजह से लोगों के गर्मी से राहत जरूर मिली है, लेकिन लोगों के बीमार होने आंकड़े भी बढ़ते जा रहे हैं। इसके साथ ही बेमौसम बारिश और ओले के साथ-साथ तेज हवाओं से किसानों की फसलों को नुकसान हुआ है। मौसम विभाग ने आज यानी 24 मार्च को दिल्ली, यूपी, बिहार , राजस्थान समेत 11 राज्यों में आंधी-बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इसके साथ ही कुछ राज्यों में ओले भी गिर सकते हैं।
राजधानी दिल्ली की बात करें तो दिल्ली में मौसम बिगड़ा हुआ है। आज से लेकर गुरुवार तक मौसम खराब रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने दिल्ली के कई प्रमुख स्थानों पर बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। इसके साथ ही दिल्ली वालों को प्रदूषण से भी राहत मिल रही है।
यह भी पढ़ें: 40+ सीटों पर असर, फिर भी नहीं होती सुनवाई, क्या है केरल के मछुआरों की तकलीफ?
इन राज्यों में होगी बारिश
मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार आज से 29 मार्च के बीच देश के 11 राज्यों में बारिश की संभावना है। दिल्ली, यूपी, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। 26 से 28 मार्च के बीच हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश-आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 50 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से हवा चलेगी। 29 मार्च को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और राजस्थान में भी बारिश हो सकती है। इसके साथ ही आंधी की संभावना भी जताई गई है।
यूपी-बिहार में कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली से सटे यूपी में भी भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने कल मेरठ, गौतम बुद्ध नगर, अलीगढ़, सहारनपुर, शामली, हापुड़, बरेली, आगरा, मथुरा और अलीगढ़ में बादलों के गजरने के साथ बरसने की भी चेतावनी दी है। इसके अलावा हवा भी 50 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से बहने वाली है।
मौसम विभाग के अनुसार, 26 मार्च से 27 मार्च के बीच एक बार फिर से भारी बारिश-आंधी की चेतावनी है। 24 मार्च को बिहार के कई जिलों में बारिश होने की संभावना है। पश्चिम चंपराण, पूर्वी चंपारण, मुजफ्फरपुर, सिवान, भोजपुर, बक्सर, रोहतास, औरंगाबाद, कैमूर और अरवल में बारिश होने की संभावना है।
https://twitter.com/Indiametdept/status/2036013784016503276
हिमाचल-उत्तराखंड का मौसम
हिमाचल और उत्तराखंड उत्तर भारत के इन दोनों पहाड़ी राज्यों में मौसम की गतिविधियां जारी हैं। मौसम विभाग ने उत्तराखंड में इस हफ्ते भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया है। हिमाचल प्रदेश में भी 26 मार्च से तेज बारिश और आंधी का सिलसिला फिर से शुरू होने की संभावना जताई गई है। हिमाचल के जिन जिलों में बारिश की चेतावनी है उनमें शिमला, चंबा, लाहौल और स्पीति, कुल्लू, मंडी, कांगड़ा शामिल हैं।
दक्षिण भारत में गर्मी
उत्तर भारत में अभी भी बारिश के कारण मौसम ठंडा बना हुआ है तो वहीं दक्षिण भारत में अब तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाने लगी है। मौसम विभाग के मुताबिक 24 से 27 मार्च के दौरान उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में छिटपुट हल्की बारिश, गरज, बिजली और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
यह भी पढ़ें: लेटर EC का, मुहर BJP की… CPM के सवाल पर चुनाव आयोग ने दी सफाई; जानें पूरा मामला
https://twitter.com/Indiametdept/status/2036013787246149648
पूर्वात्तर में अलर्ट
पूर्वोत्तर भारत में आज बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग ने पूर्वोत्तर भारत के कुछ राज्यों में आज बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक अरुणाचल प्रदेश में 24 मार्च को, असम और मेघालय में 24 और 27 मार्च को छिटपुट से लेकर तेज बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही 30-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। मौसम विभाग ने पश्चिम बंगाल में और सिक्किम में आज भारी बारिश और ओले गिरने का येलो अलर्ट जारी किया है।
















