जालौन: रामपुरा थाना क्षेत्र स्थित अन्देला मडैया गांव में सोमवार शाम को जमीन के टुकड़े के लिए खून के रिश्तों ने दम तोड़ दिया. जयनारायण चतुर्वेदी के मंझले बेटे जितेंद्र उर्फ अल्लू ने विवाद के दौरान अपने बड़े भाई कैलाश पर तमंचे से फायर कर उसकी जान ले ली.
इस खौफनाक मंजर को देखकर पिता जयनारायण, छोटा भाई गुड्डू और मृतक कैलाश के बेटे हिंसक हो उठे. उन्होंने भागने की कोशिश कर रहे जितेंद्र को घेर लिया और लाठियों से पीट-पीटकर उसे मौत के घाट उतार दिया.
सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. फिलहाल, पुलिस ने आरोपी पिता और छोटे भाई को हिरासत में ले लिया है.
मिर्जापुरा जागीर के निवासी जयनारायण चतुर्वेदी के तीन बेटों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर अनबन चल रही थी. सोमवार की शाम यही विवाद इतना गहरा गया कि जितेंद्र ने अपना आपा खो दिया और सगे बड़े भाई कैलाश पर सीधा फायर झोंक दिया.
गोली लगते ही कैलाश लहूलुहान होकर गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई. इस घटना ने पूरे परिवार के भीतर प्रतिशोध की आग भड़का दी.
जैसे ही कैलाश की सांसे थमीं, वहां मौजूद पिता जयनारायण और छोटा भाई गुड्डू बौखला गए. कैलाश के बेटों ने भी मिलकर अपने सगे चाचा जितेंद्र पर हमला बोल दिया.
भाग रहे जितेंद्र को पकड़कर उस पर लाठियों की बरसात कर दी गई. सिर और शरीर पर लगी गंभीर चोटों के कारण जितेंद्र ने भी वहीं दम तोड़ दिया. एक ही समय में दो भाइयों की मौत से गांव में हड़कंप मच गया.
वारदात की गंभीरता को देखते हुए एसपी जालौन विनय सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. गांव में व्याप्त तनाव को देखते हुए एहतियातन पीएसी और भारी पुलिस बल तैनात किया गया है.
एसपी ने बताया कि तात्कालिक विवाद में हुई इस दोहरी हत्या के बाद आरोपी पिता और भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस अब इस पूरे मामले की गहनता से कानूनी जांच कर रही है.












