बहराइच के हरदी थाना क्षेत्र के ग्राम नकवा में बृहस्पतिवार को एक तीन वर्षीय बच्ची की तालाब में डूबने से मृत्यु हो गई। बच्ची अपने घर के बाहर खेल रही थी। घटना के बाद से परिवार में शोक व्याप्त है। जानकारी के अनुसार, ग्राम नकवा निवासी सुरेंद्र कुमार मौर्य की पुत्री पार्वती, जिसकी उम्र लगभग 3 वर्ष थी, बृहस्पतिवार शाम करीब 7:00 बजे अपने घर के बाहर खेल रही थी। खेलते हुए वह पास ही स्थित शोभाराम प्रधान के घर के पीछे बने तालाब के करीब पहुंच गई। माना जा रहा है कि खेलते समय अचानक पैर फिसलने या संतुलन बिगड़ने के कारण बच्ची गहरे तालाब में गिर गई। काफी देर तक पार्वती के आंगन में न दिखने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के बाद ग्रामीणों की नजर तालाब पर पड़ी। देर शाम तलाश के दौरान बच्ची का शव पानी में उतराता हुआ मिला। तत्काल बच्ची को तालाब से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी। बच्ची की मौत की खबर से परिजनों में गहरा शोक छा गया। घटना की सूचना मिलने पर हरदी थाना प्रभारी आलोक सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मृतक के परिजनों से तहरीर प्राप्त कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला मोर्चरी हाउस भेज दिया है। पुलिस प्रशासन के अनुसार, गांव में शांति व्यवस्था बनी हुई है और मामले की जांच जारी है।
हरदी नकवा में तालाब में डूबने से मासूम की मौत:घर के बाहर खेल रही 3 वर्षीय बच्ची की हुई मृत्यु
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!











