Homeजिला / लोकल (Local News)'फर्जी खाते, प्रॉपर्टी में निवेश', ED ने बताई खरात के ठिकानों पर...

‘फर्जी खाते, प्रॉपर्टी में निवेश’, ED ने बताई खरात के ठिकानों पर छापेमारी की वजह


महाराष्ट्र के चर्चित भोंदू बाबा उर्फ अशोक खरात का नाम अब प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के राडार पर आ गया है। सेक्स, ब्लैकमेलिंग और लोगों को ठगने के आरोपी अशोक खरात के कई ठिकानों पर सोमवार को ईडी की छापेमारी हो रही है। ईडी का कहना है कि शुरुआत जांच में यह पता चला है कि अशोक खरात ने गलत तरीके से कमाए पैसों का निवेश अपने CA प्रकाश पोफले के जरिए जमीन और अन्य प्रॉपर्टी में किया है। इतना ही नहीं, अशोक खरात ने कई लोगों के नाम पर फर्जी बैंक खाते भी खुलवाए हैं। ईडी ने नासिक, पुणे और शिरडी में अशोक खरात से जुड़े कई इलाकों पर छापेमारी की है।

अशोक खरात को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है और इस मामले की जांच महाराष्ट्र पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) कर रही है। अशोक खरात के खिलाफ अभी तक 11 एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं। यौन उत्पीड़न के कई वीडियो सामने आने के बाद जब जांच की गई तो अशोक खरात के खिलाफ ठगी, जमीन हड़पने, बलात्कार करने और अवैध संपत्ति जुटाने के आरोप भी सामने आए हैं।

क्यों छापेमारी कर रही है ED?

ईडी के मुताबिक, शुरुआती जांच में यह पता चला है कि अशोक खरात ने दो कोऑपरेटिव क्रेडिट सोसायटीज के जरिए कई बैंक खाते खोले हुए थे। ये खाते नासिक जिले से बाहर और अन्य लोगों के नाम पर खोले गए थे। हालांकि, सभी खातों में नॉमिनी अशोक खरात ही है। इतना ही नहीं, इन बैंक खातों से जुड़े मोबाइल नंबर भी अशोक खरात के ही पास थे ताकि वह इन खातों को ऐक्सेस कर सकें। इतना ही नहीं, जांच में यह भी पता चला है कि अशोक खरात सामान्य चीजों को भी दिव्य बताकर बेचता था और इस तरह इकट्ठा हुए पैसों को अपने CA प्रकाश पोफले और उनके बेटों के जरिए जमीन में निवेश कर देता था।

इसी मामले में अशोक खरात, CA प्रकाश पोफले और उनके रिश्तेदारों के ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। जिन कोऑपरेटिव क्रेडिट सोसायटी के जरिए गड़बड़ी की गई है उन पर भी छापेमारी की जा रही है। इस तरह नासिक में 5, पुणे में 3 और शिरडी में 3 ठिकानों पर छापेमारी की गई है। यह छापेमारी मनी लॉन्ड्रिंग ऐक्ट 2000 के तहत की गई है।

बता दें कि स्वयभूं बाबा की तरह काम करने वाले अशोक खरात का नाम चर्चा में है क्योंकि उसके कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं जिनमें वह अपने यहां आने वाली महिलाओं से संबंध बनाता था और उन्हें ब्लैकमेल करता था।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments