HomeHealth & Fitnessबोर्ड परीक्षा 2026 के मेधावियों का हुआ सम्मान,छात्रों को मिला पुरस्कार

बोर्ड परीक्षा 2026 के मेधावियों का हुआ सम्मान,छात्रों को मिला पुरस्कार

लखनऊ गोसाईगंज क्षेत्र के बहरौली स्थित जवाहरलाल नेहरू इंटर कॉलेज में शनिवार को बोर्ड परीक्षा 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिष्ठित समाजसेवी एवं पतंजलि योग समिति गंगागंज लखनऊ के अध्यक्ष नागेश कुमार वर्मा मौजूद रहे। उनके साथ विद्यालय के प्रधानाचार्य अनिल कुमार वर्मा ने मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर पुरस्कार प्रदान किए।

विद्यालय हाईस्कूल स्तर तक राज्य सरकार द्वारा सहायता प्राप्त है। यहां अधिकांश छात्र-छात्राएं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आते हैं, बावजूद इसके विद्यार्थियों ने कठिन परिस्थितियों में मेहनत और लगन के बल पर शानदार सफलता हासिल की। समारोह के दौरान सभी विद्यार्थियों को रोली का टीका लगाकर एवं माला पहनाकर सम्मानित किया गया। इसके बाद मुख्य अतिथि, प्रधानाचार्य एवं शिक्षकों ने उन्हें पुरस्कार और प्रतीक चिह्न भेंट किए।

 
इंटरमीडिएट परीक्षा में विद्यालय स्तर पर सुहानी ने 88 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। दिव्या ने 74.8 प्रतिशत अंक के साथ दूसरा तथा पल्लवी ने 70.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। नैंसी वर्मा 69.2 प्रतिशत अंकों के साथ चौथे और भूमिका मिश्रा पांचवें स्थान पर रहीं।
 
हाईस्कूल परीक्षा में मोहम्मद अनस ने 83.83 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पहला स्थान हासिल किया। अनस ने अपनी सफलता का श्रेय शिक्षकों, कक्षाध्यापक आदेश कुमार और प्रधानाचार्य अनिल कुमार वर्मा को दिया। अनीता कुमारी 82.33 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरे, आनंदी 80 प्रतिशत के साथ तीसरे और आंचल 79.16 प्रतिशत अंकों के साथ चौथे स्थान पर रहीं।
 
मुख्य अतिथि नागेश कुमार वर्मा ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी अभी से शुरू करने की सलाह दी। शिक्षक शंभू दत्त ने विद्यार्थियों को जनपद व राज्य स्तर की मेरिट में स्थान बनाने का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक श्रीकांत ने किया। इस अवसर पर शिक्षक, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं और अभिभावक मौजूद रहे।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments