श्रावस्ती में उत्तर प्रदेश सरकार के मिशन शक्ति फेज-5 (द्वितीय चरण) के तहत महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए पुलिस प्रशासन ने पहल की है। पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी और अपर पुलिस अधीक्षक मुकेश चंद्र उत्तम के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में “बहू-बेटी सम्मेलन” आयोजित किए गए। इस अभियान के तहत 9 अलग-अलग स्थानों पर 900 से अधिक महिलाओं और बालिकाओं को एक साथ लाकर उन्हें सुरक्षा, संवैधानिक अधिकारों, आत्मनिर्भरता और जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जागरूक किया गया। इन सम्मेलनों का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें सामाजिक, आर्थिक तथा मानसिक रूप से सशक्त बनाना था। ये सम्मेलन कोतवाली भिनगा, मल्हीपुर, सोनवा, हरदत्तनगर गिरंट, गिलौला, इकौना, सिरसिया और नवीन मॉडर्न महिला थाना में आयोजित किए गए। शक्ति मोबाइल टीम द्वारा आयोजित इन कार्यक्रमों में आशा बहुएं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, गृहिणियां, विधवा-तलाकशुदा महिलाएं और किशोरियां बड़ी संख्या में शामिल हुईं। महिलाओं को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, रानी लक्ष्मीबाई बाल एवं महिला सम्मान कोष और नारी शक्ति वंदन अधिनियम जैसी विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्हें इन योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित भी किया गया। सम्मेलनों में साइबर सुरक्षा, घरेलू हिंसा, लैंगिक उत्पीड़न और आपात स्थितियों से बचाव के उपायों पर विशेष ध्यान दिया गया। उपस्थित महिलाओं और बालिकाओं को वूमेन पावर लाइन-1090, महिला हेल्पलाइन-181, पुलिस-112, एम्बुलेंस-108, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098, स्वास्थ्य सेवा-102, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076 और साइबर हेल्पलाइन-1930 जैसे महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई। किशोरियों को बाल विवाह, दहेज प्रथा, गुड टच-बैड टच और साइबर अपराध जैसे संवेदनशील विषयों पर जागरूक किया गया। उन्हें शिक्षा और आत्मरक्षा को अपने जीवन का आधार बनाने के लिए प्रेरित किया गया। मिशन शक्ति टीमों और महिला बीट अधिकारियों ने आत्मरक्षा के सरल तरीके भी सिखाए। श्रावस्ती पुलिस के अनुसार, मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से प्रत्येक महिला और बालिका तक सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण का संदेश पहुंचाने का यह प्रयास लगातार जारी रहेगा।
900 से अधिक महिलाएं-बालिकाएं जागरूक:श्रावस्ती में 9 स्थानों पर ‘बहू-बेटी सम्मेलन’ आयोजित
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!











