Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)व्हाट्सएप ग्रुप से ऑनलाइन ट्रेडिंग का दिया झांसा:बलरामपुर में 16 लाख की...

व्हाट्सएप ग्रुप से ऑनलाइन ट्रेडिंग का दिया झांसा:बलरामपुर में 16 लाख की ठगी, साइबर थाने में केस दर्ज


बलरामपुर जिले में ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर एक बड़ी साइबर ठगी का मामला सामने आया है। ठगों ने व्हाट्सएप के माध्यम से संपर्क कर एक व्यक्ति से लगभग 16.32 लाख रुपये की धोखाधड़ी की। पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। कोतवाली नगर क्षेत्र के मोहल्ला खलवा निवासी मंगलदेव मिश्र ने पुलिस को बताया कि 6 मार्च 2026 को उनके व्हाट्सएप पर एक अज्ञात नंबर से संदेश आया था। संदेश भेजने वाले व्यक्ति ने खुद को ट्रेडिंग एडवाइजर बताया और “UPHOLD प्लेटफॉर्म” पर निवेश कर 30 प्रतिशत कमीशन के साथ मोटा मुनाफा दिलाने का लालच दिया। इसके बाद मंगलदेव मिश्र को “3 Day Trading Node” नामक एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ दिया गया। इस ग्रुप में कई अन्य कथित निवेशक भी शामिल थे, जिससे उन्हें ठगों पर भरोसा हो गया। ठगों के झांसे में आकर पीड़ित ने 7 मार्च को पहली बार 27,580 रुपये का निवेश किया। इसके बाद उनसे लगातार अलग-अलग यूपीआई आईडी और बैंक खातों में कमीशन व निवेश के नाम पर पैसे जमा कराए जाते रहे। ठगों ने फर्जी लिंक के माध्यम से आईडी बनवाकर पीड़ित के खाते में डॉलर (USDT) दिखाकर उन्हें विश्वास दिलाया। 10 मार्च को पीड़ित के खाते में 77,290 रुपये भेजकर उनका भरोसा और मजबूत किया गया, जिसके बाद उनसे बड़ी रकम ठगी गई। पीड़ित के अनुसार, 11 मार्च से 18 मार्च के बीच विभिन्न तिथियों पर उनसे, उनकी पत्नी और दोस्तों के खातों से भी रकम ट्रांसफर कराई गई। ठगों ने उनसे दोस्तों से उधार लेकर भी पैसे जमा करवाए। आरटीजीएस और यूपीआई के माध्यम से लाखों रुपये कई खातों में भेजे गए। तहरीर के मुताबिक, पीड़ित ने कमीशन और निवेश के नाम पर कुल 17,09,401 रुपये भेजे थे, जबकि उन्हें केवल 77,290 रुपये ही वापस मिले। इस प्रकार कुल 16,32,111 रुपये की ठगी हुई है। पीड़ित ने सभी लेनदेन के साक्ष्य पुलिस को उपलब्ध कराए हैं। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर संबंधित खातों और यूपीआई आईडी की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर ऑनलाइन निवेश न करें और संदिग्ध लिंक या प्लेटफॉर्म से दूर रहें।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments