तुलसीपुर विधानसभा क्षेत्र के लक्ष्मणपुर खैरहनिया गांव में योगी सरकार के नौ वर्ष पूरे होने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों का बखान किया। इस अवसर पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ला ने इस दौरान कहा कि केंद्र सरकार द्वारा मुफ्त राशन, बिजली, पानी और सड़क जैसी कई बुनियादी सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि देश और प्रदेश सरकार हर घर तक इन सुविधाओं की आपूर्ति सुनिश्चित कर रही है, जिससे गांव दूधिया रोशनी से जगमगा रहे हैं। विधायक ने कोडरी मथुरा से चौधरी डीह मार्ग के निर्माण कार्य में तेजी आने का भी जिक्र किया। एमएलसी साकेत मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि मथुरा घाट का निर्माण कार्य तेजी से प्रगति पर है और झारखंडी पर ओवरब्रिज का निर्माण कार्य भी जल्द शुरू हो जाएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री के ‘रामराज्य’ के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि सरकार लोगों को सड़क, बिजली, पानी, राशन, मुफ्त उपचार और शिक्षा जैसी सुविधाएं प्रदान कर रही है। युवाओं को रोजगार मेले के माध्यम से अवसर दिए जा रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों ने मथुरा बाजार से मथुरा घाट जाने वाली सड़क के जर्जर होने की समस्या से अवगत कराया, जिससे राहगीरों को आवागमन में परेशानी हो रही है। कार्यक्रम का संचालन बुद्धि सागर अवस्थी ने किया, जबकि अध्यक्षता जनमेजय सिंह ने की। इस अवसर पर तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ला ने भाजपा के नवनिर्वाचित मंडल अध्यक्ष और महामंत्री को अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया। इस मौके पर शिव प्रसाद द्विवेदी, राघव राम पांडेय, रेवती रमण तिवारी, जगदीश पासवान, मनीष शुक्ला, तरुण तिवारी, शिव प्रसाद यादव, जनार्दन मिश्रा और चेतराम पाल सहित कई भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।












