तुलसीपुर क्षेत्र के परसपुर करौंदा गांव में सफाई व्यवस्था डेढ़ माह से चरमराई हुई है। सफाईकर्मी के अनुपस्थित रहने के कारण गांव और दो सरकारी विद्यालयों में गंदगी का अंबार लग गया है। विद्यालय परिसर में लंबी झाड़ियां उग आई हैं, जिससे बच्चों और शिक्षकों को परेशानी हो रही है। विद्यालय परिसर में शौचालय के आसपास उगी घनी झाड़ियों और गंदगी के कारण जहरीले सांप-बिच्छू जैसे जीवों का खतरा बढ़ गया है। इस अस्वच्छ माहौल में बच्चों की पढ़ाई और शिक्षकों का शिक्षण कार्य जोखिम भरा हो गया है। अभिभावकों को भी संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका सता रही है। शिक्षकों ने बताया कि उन्होंने कई बार ग्राम प्रधान को इस समस्या से अवगत कराया है, लेकिन अब तक कोई ठोस सफाई व्यवस्था नहीं की गई। मजबूरन शिक्षकों को स्वयं झाड़ू लगाकर सफाई करनी पड़ रही है, फिर भी परिसर में फैली झाड़ियां और कूड़ा पूरी तरह साफ नहीं हो पा रहा है। शिक्षकों का कहना है कि यह स्थिति बच्चों की सेहत पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकती है। ग्रामीण दीपक, अनिरुद्ध, बाबादीन, दिलीप ने बताया कि नियमित सफाई न होने से गांव की नालियां भी जाम हो रही हैं, जिससे दुर्गंध फैल रही है और लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सफाई व्यवस्था बहाल करने की मांग की है, ताकि गांव और विद्यालय का वातावरण स्वच्छ हो सके। इस संबंध में ग्राम विकास अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि उन्हें सफाईकर्मी की अनुपस्थिति की सूचना मिली है। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की जांच कर विभागीय कार्रवाई की जाएगी और जल्द ही विद्यालय व गांव में साफ-सफाई कराई जाएगी।
परसपुर करौंदा में डेढ़ माह से नहीं आया सफाई कर्मी:स्कूल में गंदगी, बच्चों पर बीमारी और जहरीले जीवों का खतरा
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!











