Homeजिला / लोकल (Local News)'हथियारों से लैस हो रहे जहाज', ईरान से बात नहीं बनी तो...

‘हथियारों से लैस हो रहे जहाज’, ईरान से बात नहीं बनी तो क्या करेंगे ट्रंप?


अमेरिका और ईरान के बीच शनिवार को इस्लामाबाद में होने वाली अहम शांति वार्ता शुरू होने से कुछ घंटे पहले ही अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने साफ चेतावनी दे दी है। उन्होंने कहा कि अगर पाकिस्तान में बातचीत असफल रही तो अमेरिकी युद्धपोतों को दुनिया के सबसे बेहतरीन हथियारों और गोला-बारूद से लोड किया जा रहा है।

न्यूयॉर्क पोस्ट को दिए गए फोन इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा, ‘हम रीसेट कर रहे हैं। हम जहाजों को सबसे अच्छे गोला-बारूद और हथियारों से भर रहे हैं, जो पहले से भी ज्यादा बेहतर हैं। पिछली बार हमने उन्हें पूरी तरह तोड़ दिया था, इस बार और बेहतर तैयारी है।’

यह भी पढ़ें: खार्ग आईलैंड पर अमेरिका का हमला, ईरान बोला- संयम का समय खत्म

जेडी वेंस इस्लामाबाद रवाना

ट्रंप ने यह बयान तब दिया जब अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस इस्लामाबाद के लिए रवाना हो चुके थे। दोनों देशों के बीच महत्वपूर्ण बातचीत शनिवार को शुरू होनी है। ट्रंप से जब पूछा गया कि क्या ये वार्ता सफल होगी, तो उन्होंने जवाब दिया, ‘हम लगभग 24 घंटे में यह जान लेंगे। बहुत जल्दी पता चल जाएगा।’

उन्होंने साफ कहा कि अगर बातचीत फेल हो गई तो अमेरिका अपने जहाजों को ‘सबसे बेहतरीन हथियारों से लोड करेगा और उन्हें बहुत प्रभावी ढंग से इस्तेमाल करेगा।’ ट्रंप ने आगे कहा, ‘हम जहाजों को लोड कर रहे हैं। हम उन्हें पहले से भी ज्यादा स्तर पर हथियारों से भर रहे हैं ताकि पूरी तरह से विनाश किया जा सके।’

परमाणु कार्यक्रम पर की बात

ट्रंप ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर भी बात की। उन्होंने दावा किया कि ईरान अपने परमाणु हथियार हटा रहा है। ट्रंप ने कहा, ‘हमारे सामने तो वे कह रहे हैं कि सारे परमाणु हथियार और सब कुछ खत्म हो गया है लेकिन प्रेस में जाकर वे कहते हैं कि हमें यूरेनियम संवर्धन (enrichment) करना है।’

यह भी पढ़ें: ‘यूरेनियम चुराने आया था अमेरिका’, पायलट के रेस्क्यू पर ईरान ने ऐसा क्यों कहा है?

यह बैठक दुनिया भर में काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कई सालों से चला आ रहा है। अमेरिका का कहना है कि वह ईरान को परमाणु हथियार बनाने से रोकना चाहता है, जबकि ईरान अपना कार्यक्रम शांतिपूर्ण बताता है। अगर इस्लामाबाद में बातचीत नाकाम रही तो स्थिति और बिगड़ सकती है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments