जनपद श्रावस्ती के थाना इकौना क्षेत्रांतर्गत ग्राम जगरवाल गढ़ी के समीप राप्ती नदी में नहाने के दौरान एक अत्यंत दुखद घटना घटित हुई, जिसमें 45वीं वाहिनी एसएसबी वीरपुर (बिहार)में तैनात मुख्य आरक्षी राजेश यादव के पुत्र अनिल यादव (14 वर्ष) एवं एक अन्य बालक सूरज यादव (13 वर्ष) नदी में डूब गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन द्वारा तत्काल खोज एवं बचाव कार्य प्रारंभ किया गया। बचाव कार्य के दौरान सूरज यादव को नदी से निकालकर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा उसे मृत घोषित कर दिया गया, जबकि अनिल यादव की तलाश हेतु लगातार खोज अभियान चलाया गया।
उक्त दुखद घटना के परिप्रेक्ष्य में जिला अधिकारी, श्रावस्ती द्वारा पीड़ित परिवार को अहेतुक सहायता प्रदान किए जाने हेतु अनुमोदन प्रदान किया गया।
इसी क्रम में दिनांक 01/04/2026 को श्री अमरेंद्र कुमार वरुण, कमांडेंट, 62वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, भिनगा द्वारा संबंधित शोकाकुल परिवार से मिलकर इस अपूरणीय क्षति पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की गई। उन्होंने परिवार को ढांढस बंधाया तथा हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर कार्यालय जिलाधिकारी श्रावस्ती के सहयोग से कमांडेंट महोदय द्वारा पीड़ित दोनों परिवार को अहेतुक सहायता राशि 4-4 लाख प्रदान की गई, जिससे इस कठिन समय में परिवार को कुछ राहत मिल सके।
62वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, भिनगा इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करती है तथा दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोक संतप्त परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने हेतु ईश्वर से प्रार्थना करती है।











