तहसील जमुनहा में जिलाधिकारी *श्री अश्विनी कुमार पाण्डेय* एवं पुलिस अधीक्षक *श्री राहुल भाटी* की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस/तहसील दिवस का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी द्वारा सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं सुचितापूर्ण ढंग से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने उपजिलाधिकारियों को लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करने तथा भूमि विवादों से सम्बन्धित मामलों में राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा मौके पर जाकर निष्पक्ष निस्तारण कराने के निर्देश दिए। अवैध अतिक्रमण से सम्बन्धित शिकायतों पर कठोर कार्यवाही के भी निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक *श्री राहुल भाटी* द्वारा समस्त थानाध्यक्षों को निर्देशित किया गया कि पुलिस विभाग से सम्बन्धित प्राप्त शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समय-सीमा के अन्तर्गत किया जाना सुनिश्चित करें। शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पाए जाने पर सम्बन्धित के विरुद्ध दण्डात्मक कार्यवाही की चेतावनी भी दी गई।
सम्पूर्ण समाधान दिवस तहसील जमुनहा में कुल 20 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 05 का मौके पर निस्तारण किया गया। तहसील भिनगा में 11 में से 03 तथा तहसील इकौना में 15 में से 03 शिकायतों का तत्काल निस्तारण किया गया। शेष प्रार्थना पत्रों को समय-सीमा के अन्तर्गत निस्तारण हेतु सम्बन्धित विभागों को प्रेषित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपजिलाधिकारी जमुनहा, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, खण्ड विकास अधिकारी, अधिशासी अभियंता, राजस्व निरीक्षक, लेखपाल सहित अन्य सम्बन्धित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।











