घुघली विकास खंड के मेदिनीपुर ग्राम सभा के नारायण टोला स्थित खेल मैदान पर बाउंड्री वॉल निर्माण को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। सोमवार को सैकड़ों ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा और निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि आराजी नंबर 2355 की यह भूमि वर्षों से खेल मैदान के रूप में उपयोग की जा रही है। अब विद्यालय विस्तार के नाम पर इस पर कब्जा किया जा रहा है। उनका कहना है कि करीब 3000 की आबादी वाले इस क्षेत्र में यह एकमात्र खुला मैदान है। इस मैदान का उपयोग बच्चे और युवा नियमित रूप से खेलकूद के लिए करते हैं। साथ ही यहां मेले, कुश्ती प्रतियोगिताएं और अन्य सामाजिक व सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होते रहे हैं। इस मामले में विश्व हिंदू महासंघ के जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह उर्फ बबुना बाबू ने भी जिलाधिकारी को शिकायती पत्र दिया है। उन्होंने ग्राम सभा की इस जमीन पर जबरन घेराबंदी के प्रयास का विरोध करते हुए इसे ग्रामीणों के हितों के खिलाफ बताया। अभिषेक सिंह ने निष्पक्ष जांच कराकर खेल मैदान को यथावत बनाए रखने की मांग की है। वहीं, जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने मामले की जांच कर सभी पक्षों को सुनने के बाद उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
- उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)
- प्रदेश (State)
- महराजगंज (Maharajganj)
- यूपी लेटेस्ट न्यूज हिन्दी (UP latest news hindi)
- लाइव अपडेट


















