हरैया सतघरवा: थाना ललिया क्षेत्र के मथुरा बाजार स्थित मां मैहर भारत गैस एजेंसी पर गैस सिलेंडर न मिलने से नाराज ग्रामीणों ने शनिवार को विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने जिलाधिकारी को संबोधित एक शिकायती पत्र पंजीकृत डाक से भेजकर कार्रवाई की मांग की है। शिकायतकर्ताओं में गोविंद पाठक, विनोद आर्य, संदीप कुमार, जगदीश पासवान, दिनेश कुमार, अरविंद अवस्थी, अतुल कुमार, विमल कुमार, उमेश कुमार, सावित्री देवी, मित्रसेन मिश्र और अजय कुमार शामिल हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि लगभग एक वर्ष से क्षेत्र के उपभोक्ताओं को नियमित रूप से गैस सिलेंडर नहीं मिल रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार, एजेंसी पर खाली सिलेंडर जमा कराने के बावजूद भरे सिलेंडर समय पर नहीं मिल रहे हैं, जिससे भोजन बनाने सहित दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि मथुरा बाजार से ललिया स्थित गैस गोदाम की दूरी लगभग दस किलोमीटर है, जहां आने-जाने में काफी समय और असुविधा होती है। इसके बावजूद गैस समय पर उपलब्ध नहीं हो पा रही है। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले एक माह से आसपास के अन्य गैस विक्रेताओं ने भी सिलेंडर देना बंद कर दिया है, जिससे समस्या और गंभीर हो गई है। कई उपभोक्ताओं को मजबूरी में वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ रही है। मां मैहर भारत गैस एजेंसी मथुरा बाजार के संचालक अमित कुमार पाण्डेय ने इस संबंध में बताया कि निजी और तकनीकी कारणों से कुछ समय से गैस की आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिससे उपभोक्ताओं को असुविधा हुई। उन्होंने स्पष्ट किया कि संबंधित विभाग द्वारा जांच की जा चुकी है और गैस की मांग नियमानुसार की गई है। पाण्डेय ने आश्वासन दिया कि बुकिंग के आधार पर उपभोक्ताओं को जल्द ही गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने ग्रामीणों द्वारा लगाए गए अन्य आरोपों को निराधार बताया। जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन ने मामले की जांच कराकर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही है।
गैस सिलेंडर न मिलने पर ग्रामीणों का प्रदर्शन:बलरापुर डीएम को शिकायत भेजकर कार्रवाई की मांग
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!









