HomeHealth & Fitnessविश्व प्लास्टिक सर्जरी दिवस पर वॉकथॉन का आयोजन

विश्व प्लास्टिक सर्जरी दिवस पर वॉकथॉन का आयोजन

लखनऊ। विश्व प्लास्टिक सर्जरी दिवस के अवसर पर संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्था,पीजीआई के प्लास्टिक सर्जरी एवं बर्न विभाग द्वारा बुधवार को गोल्फ क्लब में एक भव्य जागरूकता वॉकाथॉन का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को प्लास्टिक सर्जरी की व्यापक उपयोगिता एवं समाज में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका के प्रति जागरूक करना था। वॉकाथॉन में 100 से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
वॉकाथॉन का प्रारम्भ गोल्फ रेंज से हुआ,जहां से प्रतिभागी ला मार्ट्स टेनिस अकादमी तक पैदल चले और वहां से वापस लखनऊ गोल्फ क्लब पहुंचकर लगभग एक किलोमीटर की यात्रा पूर्ण की। प्रतिभागियों ने प्लास्टिक सर्जरी के महत्व को दर्शाने वाले आकर्षक पोस्टर एवं स्लोगन हाथों में लेकर जन-जागरूकता का संदेश दिया। वॉकाथॉन में एसजीपीजीआई के संकाय सदस्य, चिकित्सक, रेजिडेंट डॉक्टर, वार्ड एवं ऑपरेशन थिएटर की नर्सिंग टीम, तकनीशियन, गोल्फ खिलाड़ी, टेनिस खिलाड़ी, प्रातः भ्रमण करने वाले नागरिक तथा अन्य व्यक्तियों ने सक्रिय सहभागिता की।
मुख्य अतिथि डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा, प्लास्टिक सर्जरी आधुनिक चिकित्सा की ऐसी महत्वपूर्ण शाखा है, जो केवल शरीर की विकृतियों का उपचार ही नहीं करती, बल्कि रोगियों का आत्मविश्वास, सम्मान और जीवन की गुणवत्ता भी पुनर्स्थापित करती है। जन्मजात विकृतियों, कैंसर, गंभीर जलन, सड़क दुर्घटनाओं तथा एसिड अटैक जैसी परिस्थितियों में प्लास्टिक सर्जरी नई आशा का संचार करती है। ऐसे जन-जागरूकता कार्यक्रम समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करने और लोगों को समय पर विशेषज्ञ उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। वॉकाथॉन का आयोजन डॉ.राजीव अग्रवाल, प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष, प्लास्टिक सर्जरी एवं बर्न विभाग,एसजीपीजीआई, लखनऊ के नेतृत्व में किया गया।

डॉ. राजीव अग्रवाल ने कहा,प्लास्टिक सर्जरी केवल सौंदर्य बढ़ाने तक सीमित नहीं है। यह ऐसी विशिष्ट चिकित्सा शाखा है जो जन्मजात विकृतियों, जलन, दुर्घटनाओं, कैंसर, हाथ की चोटों, तंत्रिका संबंधी समस्याओं तथा अनेक जटिल स्थितियों से प्रभावित मरीजों को नया जीवन, नई कार्यक्षमता और नया आत्मविश्वास प्रदान करती है। इस वॉकाथॉन का उद्देश्य अस्पताल की सीमाओं से बाहर निकलकर समाज के प्रत्येक वर्ग तक यह संदेश पहुँचाना था कि आधुनिक प्लास्टिक सर्जरी हजारों लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला सकती है।” उन्होंने आगे कहा विश्व प्लास्टिक सर्जरी दिवस हमें इस विशेषता के योगदान को समाज के सामने लाने का अवसर देता है। यदि किसी व्यक्ति को जन्मजात विकृति, जलन, दुर्घटना या कैंसर के कारण शारीरिक विकृति हुई है, तो उसे बिना संकोच विशेषज्ञ प्लास्टिक सर्जन से परामर्श लेना चाहिए। समय पर उपचार से जीवन में उल्लेखनीय परिवर्तन संभव है।”

 
 
 
 
 
 
 
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments