Homeक्राइम (Crime)लखनऊ: विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई, पूर्व ARTO ललित कुमार आय से अधिक...

लखनऊ: विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई, पूर्व ARTO ललित कुमार आय से अधिक संपत्ति मामले में गिरफ्तार

लखनऊ: उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में पूर्व सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (ARTO) ललित कुमार को सोमवार (13 जुलाई 2026) को गिरफ्तार कर लिया। विजिलेंस के अनुसार आरोपी अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत पहले से मुकदमा दर्ज था और मामले की विवेचना चल रही थी।

भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत दर्ज था मुकदमा

प्रेस नोट के अनुसार ललित कुमार, जो तत्कालीन सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (ARTO), आगरा के पद पर तैनात थे, के खिलाफ जांच में आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के साक्ष्य मिलने पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 13(1)(बी) सहपठित धारा 13(2) के तहत एंटी करप्शन थाना, कानपुर मंडल में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बाद मामले की विवेचना उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान, लखनऊ सेक्टर द्वारा की जा रही थी।

Also Read: UP: रायबरेली में अपराधियों पर पुलिस का बड़ा एक्शन, छह माह में 362 पर कड़ी कार्रवाई

आवास पर छापेमारी में मिला भारी मात्रा में धन और आभूषण

विवेचना के दौरान 7 और 8 जुलाई 2026 को विजिलेंस की टीम ने लखनऊ के अलीगंज स्थित आरोपी के आवास पर सर्च अभियान चलाया। तलाशी के दौरान भारी मात्रा में नकदी, सोने-चांदी के बिस्किट तथा सोने, चांदी और हीरे के बहुमूल्य आभूषण बरामद किए गए।

15 संपत्तियों के दस्तावेज, दो कार और एक रिवॉल्वर बरामद

जांच के दौरान अधिकारी के चल एवं अचल संपत्तियों में बड़े निवेश से जुड़े दस्तावेज भी मिले। विजिलेंस के मुताबिक तलाशी में 15 संपत्तियों से संबंधित अभिलेख, दो कारें, एक रिवॉल्वर तथा विभिन्न बैंकों, पोस्ट ऑफिस, म्यूचुअल फंड और फिक्स्ड डिपॉजिट से जुड़े दस्तावेज बरामद किए गए।

Also Read: UP: वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन पर पुलिस की पैनी नजर, संदिग्ध गतिविधियों में शामिल पांच महिलाएं हिरासत में

आय का स्रोत नहीं बता सके, जांच में भी नहीं किया सहयोग

13 जुलाई को पूछताछ के दौरान विजिलेंस ने ललित कुमार से बरामद नकदी, सोने-चांदी, आभूषण और अन्य संपत्तियों के आय स्रोत से जुड़े दस्तावेज मांगे। हालांकि, वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके और न ही आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध करा पाए। जांच एजेंसी का आरोप है कि उन्होंने विवेचना में अपेक्षित सहयोग भी नहीं किया।

न्यायालय में किया गया पेश

विजिलेंस के अनुसार आय के स्रोत का संतोषजनक स्पष्टीकरण न देने और जांच में सहयोग नहीं करने के कारण ललित कुमार को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)



#उत्तरप्रदेश #उत्तरप्रदेशन्यूज़ #यूपीन्यूज़ #UPNews #UttarPradeshNews #HindiNews #BreakingNews #आजकीखबर #ताज़ाखबर #यूपीसमाचार

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments