HomeHealth & Fitnessकार से सोने के बिस्कुट मिलने पर अखिलेश का यूपी पुलिस पर...

कार से सोने के बिस्कुट मिलने पर अखिलेश का यूपी पुलिस पर आरोप

लखनऊ। यूपी के कन्नौज में हादसे का शिकार हुई एक कार से सोने के बिस्कुट मिलने के मामले में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने यूपी पुलिस पर हेराफेरी का आरोप लगाया। सोशल मीडिया एक्स पर अखिलेश यादव ने लिखा, पुलिस ने 16 सोने की ईंटें ‘गायब’ कर दीं।

HQaPINkaoAA_jmH

उन्होंने कहा, दस दिखाया, सोलह गटकाया, ‘भाजपा’ की पुलिस की माया। यादव ने आगे लिखा, ‘कन्नौज में पुलिस की गाड़ी से हुई दुर्घटना में सोने की तस्करी का खुलासा हुआ है। सूत्रों के अनुसार टक्कर लगने के बाद जब कार सवार भागने लगे तो पुलिस ने पीछा करके उन्हें पकड़ा और तलाशी के दौरान गाड़ी से एक-एक किलो के 26 सोने के बिस्कुट पकड़े लेकिन दिखाए गए केवल 10 किलो के बिस्कुट।’ यादव ने कहा, ‘अब ध्यान ये रखना है कि कहीं पुलिस दिखाए गए बिस्कुटों को भी ‘पीली धातु’ कहकर सरकारी हिसाब में दर्ज न कर ले और बाद में पीतल के बिस्कुट से बदलकर ये सारे सोने के बिस्कुट भी ‘गटक’ न जाए।’ उन्होंने कहा कि नेपाल से गोरखपुर और गोरखपुर से दिल्ली, यही है ‘डबल इंजन’ सरकार के ‘धंधे’ का असली रास्ता।

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार रात पुलिस वाहन और तेज रफ्तार ब्रेजा कार की टक्कर के बाद सोने की बड़ी खेप पकड़ी गई। सकरावा थाना प्रभारी भागमल सिंह कांवड़ ड्यूटी से लौट रहे थे। किलोमीटर 171 के पास हुई टक्कर के बाद कार सवार भागने लगे, लेकिन कार स्टार्ट नहीं हो सकी। तलाशी में बैग से 10 सोने की ईंटें मिलीं। कार में सवार संदीप जायसवाल और नेपाल निवासी सरोज पंत को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में तीन दिन पहले भी नेपाल से दिल्ली तीन सोने की ईंटें पहुंचाने की जानकारी सामने आने की बात पुलिस ने कही है।

सोना बरामदगी के बाद अब कस्टम एवं सीमा शुल्क विभाग ने मामले की जांच अपने हाथ में ले ली है। शनिवार को लखनऊ से पहुंचे कस्टम अधिकारियों ने तालग्राम थाने में पुलिस से घटना और बरामदगी की जानकारी ली। टीम ने आरोपियों से भी पूछताछ की और संबंधित अभिलेखों का परीक्षण किया। इसके बाद बरामद सोना और दोनों आरोपियों को अपने साथ लखनऊ ले गई। कस्टम विभाग अब यह पता लगाएगा कि सोना कहां से आया, किसके कब्जे में था और उसे दिल्ली ले जाने का उद्देश्य क्या था। साथ ही सोने की वैधता और उससे जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की जाएगी।

पुलिस के मुताबिक कार से बरामद 10 सोने की ईंटों का कुल वजन करीब 10.26 किलोग्राम है। इनकी भारतीय बाजार में कीमत 16 करोड़ 18 लाख चार हजार 361 रुपये से अधिक आंकी गई है। सोना 24 कैरेट होने की बात सामने आई है, हालांकि इसकी अंतिम पुष्टि जांच रिपोर्ट के बाद होगी। बरामदगी के बाद जीएसटी, इंटेलिजेंस और कस्टम विभाग की टीमें सक्रिय हुईं। अब कस्टम विभाग सोने की शुद्धता, स्रोत और वैध दस्तावेजों की जांच करेगा। जांच में यह भी पता लगाया जाएगा कि बरामद सोना किसी संगठित तस्करी नेटवर्क का हिस्सा है या नहीं।

इस मामले में कन्नौज एसपी विनोद कुमार सिंह का कहना है कि ये सभी आरोप भ्रामक व तथ्यहीन हैं। कार्रवाई जीएसटी टीम की मौजूदगी में वीडियोग्राफी कराकर हुई और कुल 10 सोने के बिस्कुट बरामद हुए। 26 बिस्कुट बरामदगी अथवा हेराफेरी संबंधी आरोप निराधार हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular