Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)श्रावस्ती के आशुतोष त्रिपाठी ने जीता स्वर्ण पदक:इंटरनेशनल ताइक्वांडो में नेपाल के...

श्रावस्ती के आशुतोष त्रिपाठी ने जीता स्वर्ण पदक:इंटरनेशनल ताइक्वांडो में नेपाल के खिलाड़ी को हराया, ताइक्वांडो-थाई बॉक्सिंग में पहले भी जीत चुके स्वर्ण पदक


श्रावस्ती के आशुतोष त्रिपाठी ‘सत्यम’ ने इंटरनेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता है। उन्होंने नेपाल के खिलाड़ी नागाराजू को हराकर यह उपलब्धि हासिल की। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 10 से 12 अप्रैल तक जयपुर स्थित पुलिस ताइक्वांडो अकादमी के खेलो इंडिया मल्टीपरपज हॉल में आयोजित की गई थी। इकौना निवासी आशुतोष की यह जीत न केवल उनके परिवार के लिए, बल्कि पूरे श्रावस्ती जनपद, प्रदेश और देश के लिए गर्व का विषय बन गई है। उन्होंने अपने अद्भुत साहस, कठोर अनुशासन और बेहतरीन तकनीक का प्रदर्शन किया। आशुतोष त्रिपाठी “सत्यम” ताइक्वांडो और थाई बॉक्सिंग में अपनी पहचान बना चुके हैं। कठिन प्रशिक्षण, निरंतर अभ्यास और जीतने के मजबूत इरादों ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है। इससे पहले, अक्टूबर 2025 में आयोजित भारत कप राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता (डायमंड लीग) में उन्होंने सीनियर पुरुष अंडर-74 किग्रा भार वर्ग में गुजरात के खिलाड़ी को हराकर स्वर्ण पदक जीता था। वर्ष 2024 में गोवा में आयोजित एशियन थाई बॉक्सिंग चैंपियनशिप में भी आशुतोष ने शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने 68 किग्रा भार वर्ग में कंबोडिया के खिलाड़ी को पराजित कर गोल्ड मेडल अपने नाम किया था। इस ऐतिहासिक जीत के बाद श्रावस्ती जिले, विशेषकर इकौना क्षेत्र में खुशी की लहर है। खेल प्रेमियों, युवाओं और स्थानीय लोगों ने आशुतोष की सफलता को आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बताया है। आशुतोष त्रिपाठी “सत्यम” की यह स्वर्णिम सफलता दर्शाती है कि सीमित संसाधनों के बावजूद मजबूत इच्छाशक्ति और कड़ी मेहनत से अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का नाम रोशन किया जा सकता है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments