श्रावस्ती जिले के सोनवा थाना क्षेत्र अंतर्गत नासिरगंज में देर रात एक सड़क हादसा टल गया। भिनगा स्थित ग्लोबल हॉस्पिटल में बच्चों का ऑपरेशन करने जा रहे सर्जन वीरेंद्र कुमार मौर्य की कार अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई, जिसमें वे सुरक्षित बच गए। यह घटना बदला-बरदेहरा मार्ग पर नासिरगंज मोड़ के पास रात करीब 12 से 1 बजे के बीच हुई। वीरेंद्र कुमार मौर्य पुत्र मैकू लाल मौर्य, निवासी प्रयाग पुरवा, थाना रूपईडीहा, जनपद बहराइच, अपनी स्विफ्ट डिजायर कार से जा रहे थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आसपास के लोग आवाज सुनकर घरों से बाहर निकल आए। हादसे में कार और बिजली का खंभा दोनों बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और कार चालक वीरेंद्र कुमार मौर्य पूरी तरह सुरक्षित रहे। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच-पड़ताल की। स्थानीय लोगों का कहना है कि नासिरगंज मोड़ पर पहले भी कई बार इसी तरह के हादसे हो चुके हैं, जहां तेज रफ्तार वाहन अक्सर नियंत्रण खो देते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि मोड़ के पास नाजिम हैदर का घर स्थित है। यदि गाड़ी बिजली के खंभे से नहीं टकराती, तो वह सीधे घर में घुस सकती थी, जिससे एक बड़ा हादसा हो सकता था। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि इस खतरनाक मोड़ पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
नासिरगंज में अनियंत्रित कार बिजली के खंभे से टकराई:सर्जन सुरक्षित, बड़ा हादसा टला; पुलिस ने की जांच
RELATED ARTICLES












