#बस्ती_न्यूज
भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर अंबेडकर पार्क करमा महन्थ, नरियांव में एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। भीम पाठशाला समिति नरियांव द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में बाबा साहब के योगदान और दलित समाज के उत्थान पर वक्ताओं ने अपने विचार रखे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अंबेडकर पार्क करमा महन्थ साऊंघाट के संस्थापक लालमन गौतम थे। राष्ट्रीय मिशन गायक मनीष कुमार प्रेमी, आरसी बौद्ध और गायिका माया सिंह ने बाबा साहब पर केंद्रित गीतों के माध्यम से उनके योगदान और वर्तमान सामाजिक स्थितियों पर लोगों को जागरूक किया। भीम पाठशाला के संस्थापक अध्यक्ष रामशंकर आजाद, कोषाध्यक्ष मूलचंद आजाद, मंडल अध्यक्ष रंजीत कुमार गौतम, महासचिव एडवोकेट विक्रम गौतम और राना प्रवीन कुमार के संयोजन में यह गोष्ठी और गायकों का कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें बड़ी संख्या में लोग उपस्थित हुए। भीम पाठशाला के संस्थापक अध्यक्ष रामशंकर आजाद और मूलचंद आजाद ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर ने सदियों पुरानी रूढ़िवादी परंपराओं को तोड़ने का साहस किया और सामाजिक न्याय के ढांचे को मजबूत किया। उन्होंने महिलाओं को सामाजिक बदलाव के आंदोलनों की कमान सौंपकर उनकी शक्ति, शिक्षा और संघर्ष को संवैधानिक अधिकारों से जोड़ा। उन्होंने बताया कि अंबेडकर को बचपन में स्कूल में पहली सीट नहीं मिली, न ही नल से पानी पीने का अधिकार। इसके बावजूद, उन्होंने गरीब, मजदूर, किसान, महिलाओं और समाज के हर शोषित-वंचित तबके की आवाज बुलंद की और सामाजिक न्याय के लिए संवैधानिक लड़ाई लड़ी। उनके प्रयासों का परिणाम है कि आज भारत ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र के साथ विकास की महाशक्ति बनने की ओर अग्रसर है। उन्होंने बाबा साहब के जीवन से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
साऊघाट में डॉ. अंबेडकर की 135वीं जयंती पर विचार गोष्ठी:मिशन गायकों ने गीतों से समाज को आगे बढ़ने की प्रेरणा दी
RELATED ARTICLES












