
अमेरिका, इजरायल और ईरान युद्ध के 24 दिन बीत चुके हैं। ईरान को हमलों से अगले 5 दिनों के लिए राहत मिली है। डोनाल्ड ट्रंप ने एलान किया है कि अगले 5 दिनों तक, हमले नहीं होंगे। उनका दावा है कि ईरान के साथ बातचीत निर्णायक मोड़ पर है। ईरान ने साफ कहा है कि ऐसी कोई बातचीत नहीं हुई है।
डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को कहा था कि दोनों देशों के बीच बहुत अच्छी बातचीत हुई है, ईरान शांति चाहता है, परमाणु हथियार नहीं बनाएगा। उन्होंने ईरान के पावर प्लांट पर हमले पांच दिन रोकने का एलान किया। वहीं ईरान सरकार ने इसे झूठ बताया और कहा कि युद्ध शुरू होने के बाद अमेरिका से कोई चर्चा नहीं हुई।
ईरान में क्या हो रहा है?
ईरान की राजधानी तेहरान में सोमवार सुबह धमाके सुनाई दिए हैं। इजरायल ने बड़े पैमाने पर हवाई हमले किए हैं। कई जगहों पर बिजली ठप हो गई है। ईरान के उर्मिया शहर में आवासीय इमारतें ध्वस्त हो गईं, मलबे में लोग दबे हैं। बैंदर अब्बास में एक रेडियो स्टेशन पर हमला हुआ, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई।
IRGC क्या कर रही है?
ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने चेतावनी दी है कि अगर उनके पावर प्लांट पर हमला हुआ तो इजरायल और अमेरिकी बेस पर हमले बढ़ेंगे। ईरान का रुख साफ है कि अमेरिका और इजरायल को पीछे हटना ही होगा। होर्मुज को लेकर भी ईरान ने बेहद सख्ती बरती है।
खाड़ी के देशों में हो क्या रहा है?
- ईरान ने सऊदी के प्रिंस सुल्तान एयरबेस पर हमला करने की फिर कोशिश की है। एक मिसाइल को रोक लिया गया, दूसरे ने नुकसान पहुंचाया है।
- संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में अबूधाबी के पास मिसाइल रोकी गई, जिसमें एक भारतीय शख्स को हल्की चोटें आईं हैं।
- कतर में एक हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया, जिसमें 7 लोगों की मौत हुई।
- बहरीन में अमेरिकी पांचवीं फ्लीट पर ईरान के मिसाइल और ड्रोन हमले हुए हैं।
- कुवैत ने ईरान पर हवाई क्षेत्र का उल्लंघन करने का आरोप लगाया।
इजरायल में कैसे हालात हैं?
इजरायल में यरूशलम और शहर के बीच वाले इलाकों में सायरन बजे हैं। शनिवार को ईरान के हमले में दिमोना और अराद शहरों में 180 से ज्यादा लोग घायल हुए। दिमोना के पास इजरायल का मुख्य न्यूक्लियर प्लांट है।
लेबनान में कैसे हालात हैं?
इजरायल ने लेबनान के दक्षिण में कास्मीयेह ब्रिज पर हमला किया। यह हिजबुल्लाह इस्तेमाल करता है। लेबनान में 2 मार्च से अब तक 1,029 लोगों की मौत हो चुकी है। यूएन के शांति सैनिकों के मुख्यालय पर भी बम गिराए गए हैं।
इराक में 60 से ज्यादा मौतें
इराक में 60 से ज्यादा लोग मारे गए। नए हमलों में ज्यादातर ईरान समर्थक मिलिशिया के सदस्य इराक में मारे गए हैं।
दुनिया इस जंग पर क्या कह रही है?
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने इमरजेंसी मीटिंग बुलाई है। ब्रिटेन ईरान के राजदूत को तलब किया गया। ब्रिटेन ने पश्चिम एशिया में एयर डिफेंस सिस्टम भेज रहा है। रूस के विदेश मंत्री ने ईरान से तुरंत शांति की अपील की। अमेरिका में डेमोक्रेट नेता अब डोनाल्ड ट्रंप की आलोचना कर रहे है। डोनाल्ड ट्रंप के फैसलों का असर, दुनिया के बाजार पर पड़ रहाहै। चीन और हांगकांग के शेयर गिर रहे हैं। तेल और सोने के दामों में उतार-चढ़ाव जारी है। दुनिया भर के नेता युद्ध खत्म करने की अपील कर रहे हैं।






















