Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)महराजगंज: पेट्रोल पंपों पर 'राशनिंग' का खेल, काले बाजार में तेल की...

महराजगंज: पेट्रोल पंपों पर ‘राशनिंग’ का खेल, काले बाजार में तेल की रेल, बरगदवा क्षेत्र में आम जनता त्रस्त, पंपों पर ‘नो’ तो दुकानों पर बोतल में मिल रहा ‘ब्लैक’ में पेट्रोल


महराजगंज (बरगदवा): जनपद के सीमावर्ती इलाकों में इन दिनों पेट्रोल पंपों की कार्यप्रणाली और अवैध तेल कारोबारियों के बीच का “गठबंधन” आम जनता के लिए मुसीबत बन गया है। ताजा मामला बरगदवा थाना अंतर्गत पढ़ियाताल स्थित सिंह मेसेर्स पेट्रोल पंप का है, जहाँ मंगलवार सुबह से ही अराजक स्थिति देखने को मिली।

पंप पर पाबंदी, बाहर लूट की आजादी
पढ़ियाताल स्थित उक्त पंप पर तेल लेने पहुँच रहे बाइक चालकों को कथित तौर पर 200 रुपये से अधिक का पेट्रोल नहीं दिया जा रहा है। बहाना स्टॉक की कमी का बनाया जाता है, लेकिन हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। एक तरफ जहाँ मजबूरी में पंप पर बोतल में तेल माँगने वाले ग्राहकों को नियमों का हवाला देकर खाली हाथ लौटा दिया जाता है, वहीं दूसरी तरफ पंप के ठीक बाहर पान की गुमटियों और किराना दुकानों पर बोतलों में भरकर धड़ल्ले से पेट्रोल बेचा जा रहा है।

120 से 150 रुपये प्रति लीटर का काला खेल
हैरानी की बात यह है कि जिन ब्लैक मार्केटिंग करने वालों के पास तेल की कोई कमी नहीं है, वे 120 रुपये से लेकर 150 रुपये प्रति लीटर की दर से अवैध वसूली कर रहे हैं। सवाल यह उठता है कि यदि पंप के पास स्टॉक कम है, तो इन फुटकर दुकानों तक पेट्रोल की खेप कहाँ से पहुँच रही है? क्या पेट्रोल पंप संचालक खुद इस अवैध कारोबार को बढ़ावा दे रहे हैं?

खामोश है जिम्मेदार विभाग
पेट्रोल पंपों पर मची इस मनमानी और सरेआम हो रही कालाबाजारी पर संबंधित विभाग ने चुप्पी साध रखी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासन की नाक के नीचे तेल का यह खेल चल रहा है, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग की जेब पर डाका डाला जा रहा है।
> बड़ा सवाल:क्या जिला प्रशासन और पूर्ति विभाग इस सिंडिकेट पर कार्रवाई करेगा, या फिर जनता इसी तरह पेट्रोल पंपों पर अपमानित और दुकानों पर लूटी जाती रहेगी?

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments