उत्तर प्रदेश: उन्नाव जिले में घटना उस समय हुई जब मौरवा गांव निवासी सूरज सिंह के 3 साल के बेटे शुभ का मुंडन संस्कार होना था. पूरा परिवार और रिश्तेदार बोलेरो में सवार होकर चंद्रिका देवी मंदिर जा रहे थे. चश्मदीदों के अनुसार, बोलेरो एक ट्रक ट्राले को ओवरटेक कर रही थी, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी.
टक्कर के बाद बोलेरो बुरी तरह पिचक गई और डंपर के नीचे दब गई. हादसे का मंजर इतना खौफनाक था कि एक महिला का सिर धड़ से अलग होकर दूर जा गिरा. स्थानीय राहगीरों और पुलिस ने भारी मशक्कत के बाद मलबे से घायलों को बाहर निकाला.
इसके हादसे में 3 महिलाओं ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. जिला अस्पताल में इलाज के दौरान तीन अन्य लोगों की मौत हो गई. हादसे में मासूम शुभ और सूरज सिंह सहित 5 लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज जारी है.
मुख्यमंत्री के आदेश के बाद जिलाधिकारी (DM) घनश्याम मीणा और एसपी ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना. प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को ‘मुख्यमंत्री राहत कोष’ से आर्थिक सहायता देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.
DM घनश्याम मीणा के अनुसार, प्राथमिक जांच में सामने आया है कि ओवरटेक करने के दौरान यह हादसा हुआ. पुलिस ने डंपर और क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.












