Mumbai Local Latest Update: सेंट्रल रेलवे की ओर से मुंबईकरों के लिए राहत भरी खबर आई है। सेंट्रल रेलवे ने 10 घंटे का विशेष ट्रैफिक और पावर ब्लॉक लेकर ठाणे और डोंबिवली रेलवे स्टेशन पर 15 डिब्बों वाली लोकल ट्रेनों के लिए प्लेटफॉर्म विस्तार का महत्वपूर्ण कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया।
मुंबई: मध्य रेलवे ने 10 घंटे का विशेष ट्रैफिक और पावर ब्लॉक लेकर ठाणे और डोंबिवली स्टेशन पर 15 डिब्बों वाली लोकल ट्रेनों के लिए प्लेटफॉर्म विस्तार का महत्वपूर्ण कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया। यह ब्लॉक ठाणे के प्लेटफॉर्म 1, 2 और 3 (CSMT छोर) तथा डोंबिवली के प्लेटफॉर्म 1A, 1 और 2 पर अप और डाउन लोकल लाइनों पर लिया गया था।
डोंबिवली: बिछाई गई 150 मीटर नई ट्रैक
डोंबिवली में ट्रैक और इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े बड़े बदलाव किए गए। इसमें पॉइंट नंबर 125W को हटाकर नया 125W क्रॉसओवर लगाया गया, साथ ही करीब 150 मीटर नई ट्रैक बिछाई गई। 7 ओएचई मस्त/पोर्टल हटाए गए और डाउन लोकल लाइन पर केबल शिफ्टिंग का काम किया गया। सीमित जगह के बावजूद यह काम योजनाबद्ध तरीके से पूरा किया गया। इसके अलावा, अप लोकल लाइन पर 13 मीटर के 10 पैनल उतारे गए और स्क्रैप हटाने का काम 11 बीआरएन वैगनों और 2 डीजल इंजनों की मदद से किया गया।
ठाणे में साफ़ हुआ प्लेटफॉर्म 3 और 4 के विस्तार का रास्ता
ठाणे स्टेशन पर डाउन लोकल लाइन पर क्रॉसओवर नंबर 148A/B को करीब 60 मीटर शिफ्ट कर लगाया गया। इस दौरान हाइड्रा, जेसीबी और पोकलेन जैसी भारी मशीनों का इस्तेमाल किया गया। साथ ही विभिन्न टर्नआउट और क्रॉसओवर की टैंपिंग का काम भी किया गया, जिससे प्लेटफॉर्म 3 और 4 के विस्तार का रास्ता साफ हुआ।
बड़ी मशीनरी का हुआ ईस्तेमाल
इस मेगा ब्लॉक के दौरान 380 कॉन्ट्रैक्ट मजदूर, 120 रेलवे कर्मचारी और 14 अधिकारियों की टीम ने काम किया। 7 जेसीबी, 2 पोकलेन और 4 डंपर जैसी मशीनें लगाई गईं। मध्य रेलवे ने बताया कि 15 डिब्बों वाली लोकल ट्रेनों के संचालन के लिए ऐसे और ब्लॉक चरणबद्ध तरीके से लिए जाएंगे।










