सिद्धार्थनगर जिले में ट्रैफिक पुलिस द्वारा जारी किए जा रहे ई-चालानों को लेकर गंभीर लापरवाही सामने आई है। वाहन चालकों का आरोप है कि कई मामलों में गलत वाहनों पर चालान किया जा रहा है, जबकि कुछ में किसी अन्य वाहन की तस्वीर अपलोड कर कार्रवाई दिखाई जा रही है। इन लगातार सामने आ रहे मामलों ने ट्रैफिक विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक मामले में, 6 जनवरी 2026 को अधिवक्ता प्रशस्त उपाध्याय की वैगनआर चार पहिया वाहन पर बिना हेलमेट के ₹1000 का चालान कर दिया गया। यह चालान तब किया गया जब वाहन स्पष्ट रूप से चार पहिया था। वहीं, एक अन्य घटना में 4 मई 2026 को अधिवक्ता कारन श्रीवास्तव की अपाचे मोटरसाइकिल का चालान किया गया। हालांकि, ऑनलाइन पोर्टल पर इस चालान के साथ किसी दूसरी मोटरसाइकिल की तस्वीर अपलोड कर दी गई। इन त्रुटियों को लेकर वाहन स्वामियों में गहरी नाराजगी है। अधिवक्ताओं का कहना है कि इस प्रकार की गलतियां न केवल आम लोगों को मानसिक और आर्थिक परेशानी में डाल रही हैं, बल्कि ट्रैफिक व्यवस्था की विश्वसनीयता पर भी प्रश्नचिह्न लगा रही हैं। उनका आरोप है कि बिना सही सत्यापन के चालान जारी किए जा रहे हैं, जिससे निर्दोष लोगों को भी परेशान होना पड़ रहा है। इस मामले पर ट्रैफिक क्षेत्राधिकारी सुजीत राय ने कहा कि “यह कहीं न कहीं एक छोटी त्रुटि है। कई बार विकल्प भरते समय गलती हो जाती है। यदि किसी व्यक्ति को आपत्ति होती है, तो चालान को संशोधित कर दिया जाता है।” इन गलत चालानों को गंभीर मानते हुए, 6 मई को अधिवक्ता प्रशांत उपाध्याय और अधिवक्ता कारन श्रीवास्तव ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सिद्धार्थनगर के न्यायालय में चालान तलबी का प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया है। इसका उद्देश्य मामले की विधिक जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करना है। जिले में लगातार सामने आ रही गलत ई-चालान की घटनाओं के बाद अब ट्रैफिक विभाग की कार्यप्रणाली और तकनीकी निगरानी को लेकर व्यापक चर्चा शुरू हो गई है।
सिद्धार्थनगर में गलत ई-चालान जारी:कार पर हेलमेट, बाइक का फोटो बदला; अधिवक्ताओं ने की शिकायत
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












