HomeHealth & Fitnessभाजपा के नाम से 30 करोड़ का फर्जी टेंडर वायरल करने वाला...

भाजपा के नाम से 30 करोड़ का फर्जी टेंडर वायरल करने वाला आरोपी गिरफ्तार

जयपुर। राजधानी की अशोकनगर थाना पुलिस ने भारतीय जनता पार्टी के लेटरहेड और पदाधिकारियों के नाम का दुरुपयोग कर सोशल मीडिया पर 30 करोड़ रुपये का फर्जी टेंडर प्रसारित करने के मामले का महज 12 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने आरोपित पुलकित गुप्ता को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त लैपटॉप और मोबाइल जब्त किए हैं।

पुलिस उपायुक्त (जयपुर दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि भाजपा राजस्थान सोशल मीडिया विभाग के सह-संयोजक अजय कुमार विजयवर्गीय ने मामला दर्ज कराया था कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने भाजपा आईटी सेल नई दिल्ली और अमित मालवीय के नाम का दुरुपयोग करते हुए नमो दूत राजस्थान अभियान नाम से फर्जी आरएफपी दस्तावेज तैयार किए।

इन दस्तावेजों में 30 करोड़ रुपए के कथित टेंडर और वित्तीय विवरण दर्शाए गए थे। साथ ही भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के नाम से भी फर्जी पत्र तैयार कर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया।

जांच में सामने आया कि आरोपित ने धरोहर राशि (ईएमडी) जमा करवाने के लिए भारतीय जनता पार्टी राजस्थान के नाम से स्टेट बैंक ऑफ इंडिया का फर्जी बैंक खाता विवरण भी साझा किया था। पुलिस के अनुसार, संबंधित बैंक खाता भाजपा का नहीं था और पूरे दस्तावेज भ्रामक एवं अनधिकृत पाए गए। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ललित शर्मा तथा सहायक पुलिस आयुक्त बालाराम के निर्देशन में थानाधिकारी मोतीलाल शर्मा के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महेश नगर निवासी पुलकित गुप्ता (35) को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपित ने स्वीकार किया कि उसने सोशल मीडिया प्रचार-प्रसार से जुड़ी बड़ी कंपनी में नौकरी पाने के उद्देश्य से अपने लैपटॉप और एआई तकनीक की मदद से कूटरचित दस्तावेज तैयार किए थे।

पुलिस ने आरोपित के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments