#बस्ती_न्यूज
बस्ती के मुंडेरवा में एक निजी अस्पताल में इलाज में लापरवाही से महिला की मौत के आरोप के बाद ग्रामीण आक्रोशित हो गए। शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने बस्ती-कांटे मार्ग जाम कर दिया और अस्पताल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मुंडेरवा लोहदर गांव के लोगों ने शुक्रवार सुबह 8:45 बजे निजी अस्पताल के सामने उस वाहन को रोक दिया, जिसमें पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जा रही थी। उन्होंने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए बस्ती-कांटे मार्ग को जाम कर दिया। ग्रामीणों की मुख्य मांग थी कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए और निजी अस्पताल को सील किया जाए। पुलिस द्वारा केवल अस्पताल में ताला लगाने से ग्रामीण संतुष्ट नहीं थे और सीएमओ को मौके पर बुलाकर अस्पताल सील करने की मांग पर तीन घंटे से अधिक समय तक सड़क पर डटे रहे। लगभग 11 बजे सीएमओ डॉ. राजीव निगम, डिप्टी सीएमओ ए.के. चौधरी और नायब तहसीलदार वीर बहादुर सिंह मौके पर पहुंचे। उनके साथ मुंडेरवा, लालगंज, रुधौली थाने की पुलिस फोर्स और क्षेत्राधिकारी रुधौली कुलदीप कुमार सिंह भी मौजूद थे। अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों से बात कर सड़क खाली करवाई और अस्पताल को सील करने की प्रक्रिया शुरू की। इस दौरान परिजनों ने नायब तहसीलदार वीर बहादुर सिंह को नौ सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। इसमें प्रमुख मांगों में जांच में दोषी पाए जाने पर अस्पताल पर बुलडोजर चलाने, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुंडेरवा में 24 घंटे चिकित्सक की उपलब्धता और वर्षों से अस्पताल में जमे चिकित्सक को हटाकर नए चिकित्सक की तैनाती सहित नौ मांगें शामिल थीं। सीएमओ डॉ. राजीव निगम ने बताया कि अस्पताल को सील कर दिया गया है। क्षेत्राधिकारी रुधौली कुलदीप सिंह यादव ने जानकारी दी कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। मौके पर फोरेंसिक टीम ने भी नमूने एकत्र किए हैं।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
इलाज में लापरवाही से महिला की मौत का मामला:मुंडेरवा में बस्ती-कांटे मार्ग जाम कर अस्पताल सील करने की मांग
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!











