UP: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) ने 29 मार्च की देर रात पीसीएस 2024 का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया। आयोग के सचिव अशोक कुमार ने आधिकारिक रूप से रिजल्ट जारी किया। इस भर्ती के तहत कुल 947 पदों को भरा जाना था, लेकिन अंतिम चयन सूची में 932 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया है, जबकि 15 पद फिलहाल रिक्त रह गए हैं।
टॉपर्स में महिलाओं का दबदबा

इस बार परीक्षा परिणाम में महिलाओं का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा। टॉप 10 में छह महिलाओं ने जगह बनाई है। नेहा पांचाल ने पहला स्थान हासिल कर प्रदेश में शीर्ष स्थान प्राप्त किया, जबकि अनन्या त्रिवेदी दूसरे स्थान पर रहीं। तीसरे स्थान पर अभय प्रताप सिंह रहे। इसके अलावा अनामिका मिश्रा, नेहा सिंह, दीप्ति वर्मा और पूजा तिवारी भी शीर्ष रैंकिंग में शामिल रहीं। कुल चयनित अभ्यर्थियों में 319 महिलाएं और 613 पुरुष हैं।
आरक्षण वर्गों का प्रदर्शन
सफल उम्मीदवारों में विभिन्न वर्गों का प्रतिनिधित्व भी देखने को मिला। ओबीसी वर्ग से 272, अनुसूचित जाति (SC) से 186 और अनुसूचित जनजाति (ST) से 22 अभ्यर्थियों ने सफलता प्राप्त की है। यह आंकड़े राज्य की विविधता और प्रतियोगिता में सभी वर्गों की भागीदारी को दर्शाते हैं।
क्या है यूपी पीसीएस परीक्षा
उत्तर प्रदेश प्रांतीय सिविल सेवा (PCS) परीक्षा राज्य की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षाओं में से एक मानी जाती है। इस परीक्षा के माध्यम से विभिन्न प्रशासनिक पदों जैसे डिप्टी कलेक्टर, डिप्टी एसपी, बीडीओ, सहायक क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी और ट्रेजरी ऑफिसर सहित कुल 24 प्रकार की सेवाओं में भर्ती की जाती है। ये अधिकारी राज्य के प्रशासनिक ढांचे को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)











