लखनऊ। राजधानी के सैरपुर थाना क्षेत्र में महिला के अपहरण और यौन शोषण के गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर महिला को कथित रूप से नशीला पदार्थ सुंघाकर अगवा करने, बंधक बनाकर रखने और उसका यौन शोषण करने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार 30 मई 2026 को पीड़िता ने सैरपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि मंजूर अली नामक व्यक्ति ने उसे नशीला पदार्थ सुंघाकर अपने कब्जे में लिया और बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। साथ ही कुछ अन्य लोगों पर भी उसे बंधक बनाए रखने का आरोप लगाया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया और उसके बयान दर्ज किए गए। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया।
जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने लखीमपुर खीरी के शिव कॉलोनी रोड क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी मंजूर अली को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन और चार सिम कार्ड भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। साथ ही आरोपी के आपराधिक इतिहास के बारे में विभिन्न जनपदों से जानकारी जुटाई जा रही है।












