सिद्धार्थनगर के जोगिया पकड़ी मार्ग से सुभाष चौक सनई को जोड़ने वाले बाईपास पर वन विभाग द्वारा किया गया पौधारोपण विफल हो गया है। संरक्षण के अभाव में लगाए गए पौधे सूख गए और ट्री गार्ड भी धराशाई हो गए। वन विभाग ने पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से पौधे लगाए थे और उन्हें बचाने के लिए ट्री गार्ड भी लगाए गए थे। हालांकि, पौधारोपण के बाद देखरेख की कमी के कारण सभी पौधे दम तोड़ गए। लापरवाही इतनी अधिक थी कि कई ट्री गार्ड भी पौधों से अलग होकर जमीन पर पड़े दिखाई दिए। नाम न छापने की शर्त पर आसपास के ग्रामीणों ने बताया कि पौधारोपण के बाद से अब तक किसी भी कर्मी द्वारा न तो पौधों की सिंचाई की गई और न ही उखड़े हुए ट्री गार्ड को दोबारा लगाने का प्रयास किया गया। दैनिक भास्कर की टीम विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर निकली थी, जहां उसे यह दृश्य देखने को मिला। टीम ने इस संबंध में फॉरेस्ट रेंजर राजेश कुमार कुशवाहा से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन काफी कोशिशों के बाद भी उनसे संपर्क नहीं हो पाया। इसके बाद टीम ने प्रभागीय निदेशक नीला एम को मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह मामला उनके संज्ञान में नहीं है। उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि ऐसा है, तो जांच कर आवश्यक व्यवस्था करवाई जाएगी। गौरतलब है कि प्रदेश सरकार प्रतिवर्ष करोड़ों पौधे लगवाकर पर्यावरण सुरक्षा की मुहिम चलाती है। हालांकि, धरातल पर सूखे पड़े ये पौधे इस मुहिम की जमीनी हकीकत बयां कर रहे हैं।
सिद्धार्थनगर बाईपास पर पौधारोपण विफल:वन विभाग की लापरवाही से सूखे पौधे, ट्री गार्ड भी गिरे
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












