Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)महिलाओं और किशोरियों के लिए HPV टीकाकरण अभियान शुरू:सर्वाइकल कैंसर से बचाव...

महिलाओं और किशोरियों के लिए HPV टीकाकरण अभियान शुरू:सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए शिवपुरा में हुई शुरुआत


हरैया सतघरवा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, शिवपुरा में महिलाओं और किशोरियों के लिए एचपीवी (HPV) टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अभियान का उद्देश्य भविष्य में गर्भाशय ग्रीवा कैंसर (सर्वाइकल कैंसर) से सुरक्षा प्रदान करना है। क्षेत्रीय खंड विकास अधिकारी (BDO) सुश्री पल्लवी सचान ने मुख्य अतिथि के रूप में फीता काटकर इस कार्यक्रम की शुरुआत की। बीडीओ पल्लवी सचान ने इस अवसर पर कहा कि स्वास्थ्य ही सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाली एक गंभीर बीमारी है, जिसे सही समय पर टीकाकरण के माध्यम से पूरी तरह रोका जा सकता है। उन्होंने शासन की इस पहल को ग्रामीण क्षेत्रों की बालिकाओं के लिए एक सुरक्षा कवच बताया और अभिभावकों से अपनी बेटियों का टीकाकरण कराने की अपील की। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. रजत शुक्ला ने बताया कि 14 वर्ष की आयु की किशोरियों को ‘गार्डासिल’ (Gardasil) वैक्सीन लगाई जाएगी, जो सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम में अत्यंत प्रभावी है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि लाभार्थी https://uwin.mohfw.gov.in पर स्वयं पंजीकरण कर सकते हैं। यह टीका पूरी तरह सुरक्षित है और भविष्य में कैंसर के खतरे को कम करता है। सरकार द्वारा संचालित इस योजना के तहत यह टीका केंद्र पर निःशुल्क लगाया जा रहा है। टीकाकरण के साथ-साथ, केंद्र पर उपस्थित महिलाओं को व्यक्तिगत स्वच्छता और पोषण के महत्व के प्रति भी जागरूक किया गया। इस अवसर पर बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. शहजाद अली, बीसीपीएम जितेंद्र चौधरी, एएनएम कुमकुम चौधरी, आशा कार्यकर्ताएं और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments